Thursday, December 14, 2017

आधार

कलियुग केवल नाम अधारा।

सुमिरि सुमिरि नर उतरहिं पारा।।

बैंक खाते से आधार लिंक करवा लिया कि नहीं?

😏

#पवनपाण्डेय

Thursday, November 30, 2017

भारत विमर्श

 या तो राष्ट्र के साथ जुड़े भावों को

अपने ज्ञान से दिशा दीजिए.

या फ़िर अपने सुविधाजनक मौन और निष्क्रियता से प्रसन्न रहिए.

सक्रिय और मुखर होना ही है तो

कृपया सेक्युलर पाखंड द्वारा निर्देशित बहकावे में आने से बचिए.

ज़रा सोचिए कि कहीं केवल कुछ जाहिलों की वजह से

आप भारत भंजकों के साथ

तो नहीं खड़े हो रहे?

#पवनपाण्डेय

Saturday, November 18, 2017

सिनेमा का जवाब

सिनेमा का बेहतर जवाब

सिनेमा है,

सड़क नहीं.

#पवनपाण्डेय

Sunday, November 12, 2017

'कामसूत्र' का देश

 हाँ भाई हाँ! 


'कामसूत्र' का देश है!! 


और 'ब्रह्मचर्य' का भी!!!


ये भूल गये?


#पवनपाण्डेय

Saturday, November 11, 2017

आने वाली राजनीति

आने वाली राजनीति के दो ध्रुव

सेक्युलर बनाम राष्ट्रवाद नहीं

नरम राष्ट्रवाद और गरम राष्ट्रवाद होंगे -

यह भविष्यवाणी नहीं, मेरी अपेक्षा है.

सत्ता हो या बाज़ार -

प्रतिस्पर्धा में

बेहतर परिणाम देते हैं.

#पवनपाण्डेय

Friday, November 10, 2017

भाजपा का विपक्ष

आने वाले कल की

जो आहट सुन रहा हूँ,

उसके अनुसार

भाजपा का विपक्ष

स्वयं भाजपा में से जन्म लेगा.

अब यह साल-दो साल में हो,

या 5-10 साल में;

यह कहना कठिन है.

#पवनपाण्डेय

Wednesday, November 8, 2017

भारत को तोड़ने वालों के पाप

मान लिया

भारत की बात करने वाले कई लोग पाखण्डी हैं.

तो इससे

भारत को तोड़ने वालों के पाप

धुल जाते हैं क्या?

#पवनपाण्डेय

Monday, November 6, 2017

खरगोश और कछुआ

क्या पता -

वो खरगोश

अपने किसी घायल साथी को देखकर

रुक गया हो

और कछुआ दौड़ जीत कर

नायक बन गया हो!

क्या पता -

ऐसा आज भी होता हो!

#पवनपाण्डेय

Sunday, November 5, 2017

नींव का पत्थर

नींव का पत्थर

बासी नमी और गुमनाम अँधेरा

पाता है.

उद्घाटन का टाइल

रोज़ चमकाया जाता है.

#पवनपाण्डेय

Saturday, November 4, 2017

अधूरे घोंसले

जो तिनके बीनने

ज़्यादा दूर निकल जाते हैं,

उनके घोंसले

अधूरे रह जाते हैं.

#पवनपाण्डेय

Thursday, November 2, 2017

अक्षम राष्ट्रवाद

जो राष्ट्र पूर्णतः सजग नहीं होता,

उसे अक्षम राष्ट्रवाद से ही

काम चलाना पड़ता है.

#पवनपाण्डेय

Tuesday, October 24, 2017

नैरेटिव बहस के केंद्र में

पिछले 60 बरस से देश के ऊपर थोपा गया नैरेटिव अब जनता के बीच बहस के केंद्र में है और यह बहस, पुनरीक्षण और संशोधन बहुत महत्त्वपूर्ण और प्रासंगिक है.

पर जब बचपन से सुनी हुई, पढ़ी गयी चीज़ों के उलट कोई बात अचानक सुनने में आती है, तो बहुतों को यह यकायक अबूझ, यहाँ तक कि मूर्खतापूर्ण भी लगता होगा. लगना स्वाभाविक है.

बस धैर्य से बात को सुनें, सत्य की संभावना का साहस रखें और फिर भी जो अतार्किक लगे, उसे त्याग दें.

दरअसल जो ये 'इनटॉलेरेंस', 'ज़हरीली हवा बहने' का माहौल बनाया जा रहा है, वह इसलिए है क्योंकि यकायक बंद बर्तन का ढक्कन खुला है... थोड़े समय के लिए हड़बड़ी होगी, कीड़े-मकोड़े बिलबिलाएँगे. तोहमत ढक्कन खोलने वाले पर लगायी जाएगी.

और एक बात जो कल कही थी:

किसी भी नेता या दल विशेष से बड़ा है देश. देश के सवालों और उन सवालों की राजनीति करने का दावा करने वालों में फ़र्क़ है. जयश्रीराम का नारा उछालने से किसी देशद्रोही को देशभक्ति का प्रमाणपत्र नहीं मिल जाता.

#पवनपाण्डेय

Monday, October 23, 2017

मेरा हित

देश के मामले में थोड़ा स्वार्थी हूँ.

मेरा हित देश के सवालों से जुड़ा है,

किसी भी नेता या पार्टी विशेष से नहीं.

सवाल अहम हैं,

और राजनीति एक ज़रिया.

राजनीति तो केवल सीढ़ी है.

सिस्टम के गटर तक इसी सीढ़ी से जाना पड़ेगा

और स्वयं को स्वच्छ रखने की कोशिश भी करनी पड़ेगी.

लेकिन किसी नेता या पार्टी की छोटी करतूतों से

देश के सवाल छोटे नहीं हो जाते.

#पवनपाण्डेय

Saturday, October 21, 2017

इको-फ़्रेंडली भैया दूज

अदालत का आदेश है

भैया दूज

इको-फ़्रेंडली मनाएँ

इसलिए

भाइयो-बहनो

नो प्लास्टिक स्माइल प्लीज!

😊

#पवनपाण्डेय

Thursday, October 19, 2017

दीपावली

पावन है वह शक्ति
विजय सदा मंगल कारी
रक्षा करे जो मान की
निर्भय रखे हर जानकी

धन बढ़े आयुष्य का
अमृतदायी गोवंश का
मुक्ति हर महावीर की
बहना तिलक कर वारती

अंतस की जले जोत
जन गण की आरती
शक्ति का नव आराधन
वंदन तेरा माँ भारती

मेरे समस्त परिवार की ओर से

दीपावली सहित सभी उत्सवों पर
स्वीकार करें मेरी शब्दांजलि,
कण-कण की मंगल कामना की विनयांजलि.

#पवनपाण्डेय

Wednesday, October 11, 2017

'पद्मावत' पर चर्चा

चीज़ों को टुकड़ों-टुकड़ों में बाँटकर न देखें, और जो रंगमंच के सामने का सच है, सिर्फ़ वही न देखें. सिनेकार का वर्ल्ड व्यू भी समझिए, उसके सिनेमा की राजनीति समझिए, उसके सिनेमा और क़ारोबार का रिश्ता परखिए और हिंदी सिनेमा व इतिहास के रिश्ते की पड़ताल कीजिए, और ईमानदारी से सोचिए कि क्या आज का 'बॉलीवुड' भारत की विरासत को उसी सदिच्छा से व्यक्त करता है जैसे ब्लैक एंड वाइट एरा में करता था, या बड़े महीन तरीक़े से समाज के प्रतीकों पर कीचड़ उछाला जा रहा है. और हम क्राफ़्ट की भव्यता में मौलिकता और सिनेकार की नीयत को देख ही नहीं पा रहे.

दुनिया भर में सिनेमा, राजनीति का बहुत मज़बूत हथियार है. उसको इस बचकानेपन से मत लीजिए.

#पवनपाण्डेय

Tuesday, October 10, 2017

लिबरल-सेक्युलर नैरेटिव

एक आदमी जिसकी विधवा माँ इस आदमी के बचपन में मर गयी और उसके जीवन भर के लिए रुपए-पैसे छोड़कर गयी.

जब वो बड़ा हुआ तो उसके गाँव के एक आदमी ने एक दिन उसकी माँ को चरित्रहीन बता दिया और कहा कि यह पैसा एक सेठ से उसने चुराया था.

बेटे ने उस सेठ के घर वालों से और कुछ लोगों से इस बारे में पूछा पर उनमें से भी किसी ने इस आरोप का समर्थन नहीं किया.

अब इस आदमी के सामने दो विकल्प हैं - अपने बचपन में माँ से मिले लाड़ को प्रमाण मानकर उसकी सुन्दर छवि में मन रखे या उसको कुलटा मानकर जीवन भर अपनी हर ग़लती के लिए माँ को दोष देता रहे.

भारत के लिबरल-सेक्युलर नैरेटिव ने दूसरा विकल्प चुना है.

बस फ़र्क़ ये है कि यहाँ बेटे के कान किसी और आदमी ने नहीं भरे, थोड़ी कांग्रेसी क़िताबें पढ़ के बेटे का दिमाग़ ख़ुद घूम गया है.

#पवनपाण्डेय

Friday, September 29, 2017

Our Choice

Path of conquest

Vs

Path of quest

The choice is ours.

#पवनपाण्डेय

Thursday, September 28, 2017

रोहिंग्या

"इस्लामिक बदरहुड" के तहत भारत के

मुसलमान रोहिंग्या के साथ खड़े हैं।

लेकिन "हिन्दू ब्रदरहुड" की अनुपस्थिति में म्यांमार में

रोहिंग्या के हाथों मारे गए 100 हिन्दू परिवार

की लाशें लावारिस हैं।

यह है हिंदुत्व का राष्ट्रवाद!

वो जो हिन्दू मारे गए

कौन थे?

दलित थे?

सवर्ण थे?

पिछड़े थे?

#पवनपाण्डेय

अजीब वाकया

परसों शाम को मेरे साथ अजीब वाकया हुआ :

मेरे पास एक बरसों पुराने सहकर्मी का फ़ोन आया. उन दिनों एक ही ऑफिस में थे तो आते-जाते थोड़ी बहुत दुआ सलाम हो जाती थी. २-३ महीने बाद मैंने वह जगह छोड़ दी थी. फ़ेसबुक पर बरसों बाद वह दोबारा जुड़े. वह सज्जन पिछले कुछ समय से मुझसे आराम से बात करने के इच्छुक थे. उनका कहना था कि दर्शन और अध्यात्म आदि में उनकी रूचि है और इसलिए उनकी इच्छा है कि मैं उनसे चर्चा करूँ. पर जब उन्होंने अपनी बात शुरू की तो मैं सन्न रह गया.

उन्होंने कहा कि अगर मेरे छोटे बच्चे मोबाइल या ऐसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसिज़ इस्तेमाल कर रहे हैं तो मैं मान लूँ कि मेरे घर में शैतान घुस चुका है. और अभी वो ऐसी एक भविष्यवाणी करेंगे जिसको सुनकर मेरा सर फट जाएगा. मुझे उनका बात करने का लहज़ा अजीब सा लगा. फिर उन्होंने थोड़ी देर जैन स्याद्वाद, सतयुग-कलयुग और ऐसे ही कुछ विषयों से होते हुए अपनी भविष्यवाणी सुनायी और कहा कि अगले २० बरस में अगले नबी आने वाले हैं. उन्होंने ज़ाक़िर नायक 'साहब' का उल्लेख करते हुए कहा कि आप लोग जिनको कल्कि अवतार कहते हैं, यह वही नबी होंगे और वे दूसरी क़ौमों पर ज़ुल्म करने वालों का, सबका सफ़ाया करेंगे.

मैंने कहा कि हर व्यक्ति का अपना दृष्टिकोण हो सकता है. तो उनको यह बात नागवार गुज़री और उन्होंने कहा कि यह एक दृष्टिकोण नहीं, सत्य है. कई बातें ऐसी कहीं जो कई मुस्लिम परिचितों के मुँह से कई बार सुन चुका हूँ. लेकिन सरलता से की जा रही बातचीत के पीछे जो दबाब बनाने का स्वर इन सज्जन का सुनायी दिया, वह मेरे लिए पहला अनुभव था.

चिंता की बात यह है कि सऊदी अरब से शिक्षा पाए यह सज्जन कुछ ही दिन पहले पश्चिम बंगाल की PCS सेवा के लिए चुने गए हैं. क्या सरकार ऐसी सोच वालों को अपना हिस्सा बनाने को तैयार है?

#पवनपाण्डेय

Monday, September 25, 2017

'न्यूटन' फ़िल्म के पोस्टर पर नक़ल के आरोप पर

अच्छा लिखो...

बुरा लिखो...

कामचलाऊ लिखो...

जैसा भी लिखो...

लिखो.

टीपो मत!!!

पता नहीं आप हो रहे हैं या नहीं,

लेकिन आपकी वज़ह से

देश को शर्मिंदा होना पड़ेगा.

#पवनपाण्डेय

Friday, September 22, 2017

एंटी-वायरस

 काश भारत का भी

अपना कोई

एंटी-वायरस होता!

#पवनपाण्डेय

Thursday, September 14, 2017

'हिंदी दिवस' पर

हीन्दी दीवस मुबार्क हो!!!

-

ऐसे पढ़े-लिखे लोगों से

अपनी हिंदी को बचाना, प्रभु!

😏

#पवनपाण्डेय

'हिंदी दिवस' पर

मामला सिर्फ़ हिंदी का नहीं है

भारत की और विश्व की

भाषायी और सांस्कृतिक विविधता का है

जोकि आज संकट में है

अगली दो-तीन पीढ़ियाँ आने तक

भारत और विश्व की कितनी भाषाएँ मर चुकी होंगी

उनकी कहावतें, कहानियाँ, चरित्र, संवेदनाएँ

दम तोड़ चुकी होंगी

अनगिनत ख़ूबसूरत वेशभूषाएँ, पहनावे

सिर्फ़ अजायबघरों में ही दिखेंगे

और यह सब सुनियोजित तरीक़े से चल रहा है

बाज़ार को संस्कृतिसजग मानव नहीं

एकरूप उपभोक्ता चाहिए

और यह काम वह बदस्तूर कर रहा है

आपको यह दिखे या न दिखे

वह अलग बात है

#पवनपाण्डेय

Friday, September 8, 2017

सेक्युलर दुःशासन

कहने को

सत्ता पर

संघ का शासन है

किन्तु कड़वा सत्य यह

भारत के मनस पर नाचता

सेक्युलर दुःशासन है

#पवनपाण्डेय

भारत का पंथ

भारत का पंथ

न दक्षिण है न वाम

भारत का पंथ है

अध्यात्म

#पवनपाण्डेय

सियासत का गिद्ध

सियासत का गिद्ध

लाश खाता नहीं

भुनाता है!

#पवनपाण्डेय

Tuesday, August 29, 2017

ढोंगी बाबा

ओशो से पूछा गया -

भारत में ढोंगी बाबाओं पर

लोग यक़ीन क्यों कर लेते हैं

उनका जवाब था -

खोटा सिक्का चल रहा है

इसका मतलब -

लोगों ने असली सिक्का देखा है

असली सिक्के पर उनका भरोसा है

भारत में अनगिनत सच्चे संत

हर युग में जन्म लेते रहे हैं

आज भी हैं

इसी विश्वास का

कुछ ढोंगी बाबा फ़ायदा उठाते हैं

और ऐसे ढोंगी

हर देश, हर काल में पैदा होते रहे हैं

बस, पहले कोर्ट नहीं थे

तभी तो उनका गोरखधंधा

आज तक बदस्तूर जारी है

#पवनपाण्डेय

Tuesday, August 15, 2017

जन्माष्टमी पर स्वतंत्रता दिवस

दुनिया का शायद ही कोई और देश

इतने बरस पराधीन रहा है

और जिसे आज़ाद होने के लिए भी
अपने तीन टुकड़े कराने पड़े

भारत की पराधीनता यानी
सर्वमंगलकारी सनातन दृष्टि की पराधीनता
सीमित मानव की असीम सम्भावना का दमन

इसलिए स्वतंत्रता दिवस अनमोल है
और वह भी तब
जब यह योगिराज कृष्ण के कारागार में जन्म
के साथ मनाया जाए

इसलिए आइए पूरे उल्लास से आज उत्सव मनाएँ
पुनः अखंड भारत बनाने का
हर नौनिहाल की मुस्कान बनाए रखने का
संकल्प लें

वंदे मातरम!
जय श्री कृष्ण!

#पवनपाण्डेय

Sunday, August 13, 2017

गोरखपुर में बच्चों की मौत पर

बीमार हो चुकी व्यवस्था

जुमलों की गोली देने से ठीक नहीं होगी

ऑपरेशन ज़रूरी है

आज करो या कल

ऑपरेशन करना ही पड़ेगा

'तंत्र' के नाम पर 'जन' का शोषण

बंद करना ही पड़ेगा

और सबसे अहम बात:

राष्ट्रवाद एक बात है

और राष्ट्रवाद के नाम पर राजनीति दूसरी

इसलिए सिर्फ़ 'वन्दे मातरम' चिल्लाने से

कोई दूध का धुला नहीं हो जाता

और न ऐसे ढोंगियों की वज़ह से

राष्ट्रवादी सवाल बेमानी हो जाते हैं

#पवनपाण्डेय

Wednesday, August 9, 2017

'तमस'

 १९८७ में बना 'तमस'

दोबारा देख कर सोच रहा हूँ -

टीवी 4K वाला, २० फ़ीट का ले आओगे,

लेकिन वैसे बेहतरीन धारावाहिक कहाँ से लाओगे?

#पवनपाण्डेय

Tuesday, August 8, 2017

'सत्यमेव जयते'

'सत्यमेव जयते' कह-कह के

लोग देश को ज्ञान पिलाते हैं

लेकिन अपने ही व्यवसाय के कामगारों के हक़ में

बोलने से भी क़तराते हैं

#पवनपाण्डेय

Thursday, August 3, 2017

लादकर खुद को चलता हूँ मैं

लादकर खुद को चलता हूँ मैं

चलते हो तुम

चलते हैं सब

अकेले चलना बहुत भारी पड़ता है न!

भार ढ़ोने का अभ्यास

बरसों का है

कुछ भार विरासत से लिया

कुछ ख़ुद इकठ्ठा किया अब तक

कुछ अहसास कमतरी का

कुछ अहसास बादशाही का

कुछ ख़ुद के अक्स

कुछ दूसरों के

कुछ तो चाहिए न!

ज़िन्दगी का बर्तन और बिलकुल खाली?

हल्के रहना बहुत भारी पड़ता है न!

कोई है पागल

भीतर बैठा

बड़बड़ाता बरसों से

बोझा फैंको

हिम्मत तो दिखाओ

कबाड़ ये सब

कहीं फैंक आओ

तुम जाओ

अभी जाओ

और

फिर कभी

उसे वापस मत बुला लेना

जो तुम्हारा जाना-पहचाना है

जो तुम्हारे हर घाव का मरहम है

जो तुम्हारी हर सार्थक बेचैनी का

जानी-दुश्मन है

बहुत ही चालाक है

बचकर रहना

कहो सबसे

कि वो फैंक आएँ ख़ुद को

अपने बनाए उस ख़ुद को

जिसे उन्होंने अपने कंधे पर लाद रखा है!

#पवनपाण्डेय

Monday, July 24, 2017

वसुधैव कुटुम्बकम और संतुलन

वसुधैव कुटुम्बकम ही नहीं, सनातन ग्रंथों में अनेकानेक उदात्त विचारों का उल्लेख है. लेकिन विचारों की उदात्तता को अगर हर स्तर पर यथावत अर्थ में लिया जाए तो विसंगतियाँ हो सकती हैं.

कण-कण में भगवान् है इसलिए आप झाड़ू न लगाएँ और कहें कि धूल के कणों में भी ईश्वर है. संभवतः इसीलिए शंकर ने सत्य की श्रेणियाँ मानी हैं - पारमार्थिक, व्यावहारिक, प्रातिभासिक. एक स्तर का सत्य दूसरे स्तर पर ले जाकर उसका आकलन करने से ऐसी ही विसंगतियाँ होंगी.

मोक्ष के लिए वेद, ब्रह्म-आत्म एकत्व का भाव भी अंतिम स्थिति में बाधा माने जाते हैं. तो कोई कहे इनकी क्या उपयोगिता है. वसुधैव कुटुंबकम एक स्तर का सत्य है. और यहाँ वसुधा केवल धरती के अर्थ में ही प्रयुक्त हुआ होगा, यह भी आवश्यक नहीं. क्या पृथ्वी के अलावा अन्य ग्रहों और लोकों के वासी कुटुंब में नहीं आएँगे? इसके अलावा अगर सारी वसुधा एक कुटुंब है तो राष्ट्र की ही क्या आवश्यकता है? आपके देश पर कोई दूसरा देश हमला करे तो आप हमलावरों को गले लगाने के लिए सीमा पर खड़े हो जाएँ? आदि-आदि.

मेरे विचार से 'वसुधैव कुटुंबकम' एक उदाहरण है उदार दृष्टि की प्रेरणा देने का. लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि इस विचार की वजह से राष्ट्र, भाषा, इतिहास-बोध, साहचर्यजनित प्रेम और क्षेत्रीय बोध निरर्थक हो जाते हैं.

हमें उदार दृष्टि के उदात्त लक्ष्य और व्यावहारिक जीवन के कटु सत्यों के बीच एक संतुलन बनाना है, और यह संतुलन या 'सम्यक' दृष्टि सनातन परम्परा के मूल में हैं. इसलिए कोई व्यक्ति एक स्तर पर एक स्त्री विशेष का प्रेमी, दूसरे स्तर पर राष्ट्रवादी, तीसरे स्तर पर केवल पृथ्वी ही नहीं, समस्त सृष्टि के साथ तादात्म्य का भाव रखने वाला भी हो सकता है. और जो भी देश या संस्कृतियाँ इस संतुलन को भूल जाती हैं, वे या तो नात्ज़ी बनकर दुनिया के लिए ख़तरा बन सकती हैं या तिब्बत की तरह स्वयं अपने अस्तित्व के लिए जूझ सकती हैं.

#पवनपाण्डेय

Thursday, July 20, 2017

नरेश अग्रवाल का संसद में बयान

देश की संसद में सरेआम

बहुसंख्यक समाज के आराध्य देवी देवताओं के अपमान पर

विरोध में बहुत से लोग

शरियत और चर्च की मानसिकता वाले बयान दे रहे हैं

'केवल बयान'

लेकिन कीचड़ से कीचड़ साफ़ कहाँ होता है!

एक और बात कहनी है -

नरेश अग्रवाल का यह बयान

सारी सेक्युलर जमात के मुँह पर क़रारा तमाचा है

जो कहती नहीं थकती

कि देश में इन्टॉलरैंस कितनी बढ़ गयी है

और भाजपा और शिवसेना

हिन्दुओं की पार्टियाँ हैं

#पवनपाण्डेय