Saturday, December 21, 2024

एक दृष्टि: सनातन

दृष्टि है वह

जिसे सुविधा से कहते

सनातन

एकमात्र 'धार्मिकता'

जिसका लक्ष्य है

'धार्मिकता' से पार

'परम धार्मिकता' के शिखर तक

गहनतम उसके मर्म तक ले जाना

मगर

अभागे हैं वो

जिनको सुलभ है

यह दृष्टि

मगर वो मूँदे हैं आँखें

#पवनपाण्डेय

Sunday, March 24, 2024

'वीर सावरकर'

हर बरस होली एक अलग रंग में रँगी होती है,

मेरे लिए इस बरस 'काला पानी' से रँगी है!

वह काला पानी जो कितने ही अनाम क्रांतिवीरों की आजीवन यातना बन गया.

और कुछ के तो देहोत्सर्ग के बाद भी
उनकी गौरव गाथा पर कालिख बन कर पुता रह गया.

इतना गहरा, कि जिनके लिए उन्होंने और उनके पूरे परिवार ने हर दिन मृत्युदंड जैसी पीड़ा झेली, उन्होंने भी उनका कोई मोल न समझा, यहाँ तक कि लोगों ने अपनी अदालत में बिना सबूतों के आधार पर उनको फिर से अपराधी घोषित कर दिया.

ऐसे ही अभागे थे वीर सावरकर!

जिन पर अंग्रेज़ सरकार से माफ़ी माँगने और फ़िरक़ा परस्ती का इल्ज़ाम लगाकर देश की स्मृति से देशनिकाला दे दिया गया.

'वीर सावरकर' फ़िल्म एक कलाकार की ओर से उस स्वतंत्रता सेनानी की कभी न सुनी गयी आवाज़ को सुनने की एक कोशिश है.

यह फ़िल्म प्रभावी पटकथा, गहन शोध, सुंदर संपादन, चित्रांकन और ईमानदार अभिनय के लिए सिनेमाहॉल में देखना बनता है.

और सच कहूँ तो जितना उस भारत माँ के सपूत ने झेला, उसके जीवन की यह झलकी परिवार के साथ, नयी पीढ़ी के साथ, जाकर देखना बनता है.

जो सिनेमा और कला के लिए सत्यनिष्ठ हैं, ऐसे सभी कलाकर्मियों के लिए रणदीप हुड्डा ने एक मानक स्थापित किया है.

मेरे एक मित्र Santosh Ojha ने भी लोकमान्य तिलक की भूमिका बड़े प्रभावी रूप में निभायी है.

अगर वीर सावरकर के प्रति आपके कोई संशय, शिकायतें या आरोप हैं, तो भी कठघरे में खड़े उस अपराधी की बात सुनना आपकी ज़िम्मेदारी बनती है; आँख बंद करके सिर्फ़ फ़ैसला सुना देना कितना जायज़ है?

देश की ज़िम्मेदारी है कि वह उनका पक्ष भी सुने, जिनको बरसों तक हमने कोई मंच ही नहीं दिया.

जिस व्यक्ति ने बड़े-बड़े स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा दी, उस पर उँगली उठाने लायक नैतिकता का दावा हम में से कितने कर सकते हैं?

क्या पता, उनका पक्ष जानकर बाक़ी देश को भी लगे कि इस बार माफ़ीनामा उसे लिखना चाहिए!

#पवनपाण्डेय


Thursday, March 21, 2024

सहचरी

किसी जुड़वाँ से भी ज़्यादा क़रीब कोई हो सकता था, तो वो थी

कोई चलता, तो वो भी साथ चलती

भागता, तो वो भी साथ भागती

उठते-बैठते, सुख में, दुःख में 

उनके वो हमेशा साथ होती

दोस्त छोड़ो, दुश्मन भी एक वक़्त के बाद अकेला छोड़ देते, मगर वो न छोड़ती

उसकी किसी से कोई शर्त, कोई अपेक्षा न थी

सुना है, जब से किसी जोगी ने चुपके से जीवन का सत्य उसके कानों में फूँक दिया था, वह तब से तृप्त थी

सुना है, वह सहचरी होने को अभिशप्त थी

पल में घटने, पल में बढ़ने वाली काया थी

प्रकाश और सृष्टि के संसर्ग से उपजी
वह छाया थी

#क़िस्सोंकीकतरन (१०)      

#पवनपाण्डेय   

Saturday, March 16, 2024

क़िस्सों की कतरन

पल्टूराम 

बचपन में लेटे-लेटे पलट जाते, 

और धम्म से बिस्तर से ज़मीन पर! 

दादी पुचकार कर चुपातीं, 

और हँसकर कहतीं - ये पल्टू है मेरा!

धीरे-धीरे बच्चे का यही नाम पड़ गया, 

और पल्टू का नाम ही उसका स्वभाव बनने लग गया. 

कहता पूरब, करता पच्छिम.  

निकलता नानामऊ, पहुँचता फाफामऊ.     

घंटों एक चीज़ के लिए मिन्नतें करता. 

अगले ही पल दूसरी चीज़ के लिए दौड़ पड़ता. 

प्रेम किया किसी से, ब्याह किया किसी से. 
 
ट्रेनिंग किसी काम की, नौकरी किसी काम की.  

उसका ये स्वभाव ख़ुद उसे भी समझ ना आता. 

झुँझलाता, मगर कुछ कर ना पाता.       

यही सब करते-करते बुढ़ापा आया. 

मगर उसके स्वभाव में बदलाव कोई न आया. 

जब लोग उसका मज़ाक़ उड़ाते.

तो सुकरात के लहजे में कहता - कम-स-कम मुझे पता है कि मुझे पता नहीं मुझे क्या चाहिए. 

तुम सब तो मुझसे भी गए गुज़रे हो, 
तुमको तो पता ही नहीं कि तुमको भी पता नहीं, तुम्हें क्या चाहिए. 

बहरहाल एक दिन अचानक पल्टू को दिल का दौरा पड़ा. 
अस्पताल जाते हुए इस बार वो नहीं, उसकी एम्बुलेंस पलटी. 
और दिल का मरीज़ पल्टूराम 
दिल के दौरे नहीं, चोट की वजह से मारा गया.

जाते-जाते भी पल्टूराम अपना धर्म निभाता गया. 
सुना है, इसी बात से ख़ुश होकर 
ईश्वर ने भी अपना फ़ैसला पलटा. 
नरक में धकेलने के ठीक पहले.  
उसको स्वर्ग भेजा गया.     

#क़िस्सोंकीकतरन (९)      

#पवनपाण्डेय   

Friday, March 15, 2024

सृजन का रस

जब से धरती थी, वह तब से थी.

उसे बस बहना आता था… 

या कभी उछलना, कभी छलकना.

कभी पीकर हवा…  

बन जाती बादल.

बस तैरती फिरती... 

प्यास से अकुलाती पत्तियाँ और प्राणी देखकर...

मेघों के पिघलने तक. 

फिर से शुरू हो जाता... 

उसका काँपना, कूदना, रिसना, टपकना.

यही लीला चलती युगों से... 

रूप धरती अनेकों... 

पर उसकी अपनी कोई पहचान नहीं.

कभी वह कहलाती है पोखर...

कभी झील, कभी नदी, समंदर...

कभी विरह, कभी श्रम...

कभी ममता, कभी लिप्सा.

स्वयं तृप्त है...

औरों को भी तृप्त करती है.

वह थी, वह है, वह रहेगी...   

वह बूँद पानी की... 

रस सृजन का लिए... 

सदा चलेगी.      

#पवनपाण्डेय