Saturday, August 19, 2023

क़िस्सों की कतरन

कहने को उसका लंबा सा नाम था और सीरियल नंबर भी, मगर घर में सब उसे 'टीवी' के नाम से जानते थे.

जिस दिन से घर की दीवार पर आकर टँगा, घर के छोटे-बड़े हर इंसान का मन बहलाया. किसी को दुनिया भर की ख़बरें दिखाकर, किसी को उसकी पसंद के गाने सुनाकर. किसी को फुटबॉल मैच दिखाकर, तो किसी को सितारों की सैर कराकर.

उसे देखते हुए कभी कोई आँसू बहाता, तो कोई ख़ुशी से चीखता-चिल्लाता. कोई आने वाले कल के रंगीन सपने लग जाता, तो कोई ज़िन्दग़ी से मायूस भी हो जाता.

हाल में जब लोग घरों में क़ैद थे, ये उम्मीद की इकलौती खिड़की बन गया. मगर सबकी आँख का तारा ये टीवी एक दिन अचानक बुझ गया.

मैकेनिक बोला इसकी उमर पूरी गयी. जितने में इसका इलाज़ कराओगे उतने में तो नया आ जाएगा. टीवी दीवार से क्या उतरा, जैसे नज़रों से ही उतर गया. एक पल भी जिससे किसी की नज़र नहीं हटती थी, उसकी ये परेशानी सबसे अनदेखी ही रह गयी. जिसने सबकी सुनी, अब  उसकी सुनने वाला कोई न था.

जो घर का शोमैन था, वो किसी को याद भी नहीं आता है. आज वो एक कबाड़ी के यहाँ टकटकी लगाए अपनों का इंतज़ार करते पाया जाता है.

#क़िस्सोंक़ीकतरन (८)

#पवनपाण्डेय

Friday, August 18, 2023

क़िस्सों की कतरन

स्कूल तो जैसे-तैसे निकल गया, मगर ज़िन्दग़ी के सवालों के सामने पंचू का सारा गणित फेल हो गया. 

जैसे-तैसे जोड़-तोड़ करके ठेकेदारी के काम में लग गया. एक नंबर दो के काम में पौ-बारह हो गयी. तीन और लोग शामिल थे तो सबके हिस्से चौथाई माल आया. 

एक पड़ोसी ने मौक़े पे चौका मारा और आधा पैसा पच्चीस टके के ऊँचे ब्याज का लालच देकर ऐंठ लिया. 

जैसे-जैसे वक़्त बीता, ग़लत आदतों में रही-सही रकम भी सिफ़र हो गयी. पड़ोसी से ब्याज तो दूर, मूल भी वापस आने की उम्मीद न थी.

पड़ोसी इलाक़े के एक दबंग के मुँह लगा था, चापलूसी में उसी के यहाँ चौबीसों घंटे पड़ा रहता. अब पंचू बस इसी गुणा-भाग में लगा रहता कि कैसे भी उस दबंग से सीधे अपना समीकरण बिठा ले.

हुआ बिल्कुल उलट. उस दबंग को उसके पड़ोसी ने ऐसी पट्टी पढ़ाई, कि वो दबंग एक दिन 12 बोर का कट्टा लेके पंचू पे दौड़ पड़ा. तब से पंचू अपनी जान बचाए भाग ही रहा है.

#क़िस्सोंक़ीकतरन (७)

#पवनपाण्डेय 

Thursday, August 17, 2023

क़िस्सों की कतरन

अब तो हद हो गयी थी. टिन्नू रोज़ मोती के लिए बिस्कुट ले जाता. वो उछलता, ख़ुशी से अपनी नन्हीं दुम हिलाता और मिनटों में बिस्कुट चट कर जाता. मगर गोद में लेना चाहो तो पलट झपकते ग़ायब हो जाता, कभी हाथ नहीं आता था. कई दिन से यही सिलसिला चालू था. टिन्नू ने ये सवाल अपनी माँ से किया तो उसने अनसुना कर दिया. पिता से बात करने की हिम्मत नहीं थी. बहुत दिमाग़ दौड़ाया, मगर पहेली सुलझती न जान पड़ती थी. उसने बिस्कुट ख़ुद भी चखे थे, स्वादिष्ट थे. मोती की बेरुखी की और कोई वजह समझ न आती थी. स्कूल में टिन्नू के तमाम दोस्त थे मगर मोती उन सबसे अलग था, ख़ास था. उसके जन्म के बाद पड़ोस के बच्चों में सबसे पहले टिन्नू ने ही मोती को देखा था और उसका 'मोती' नाम भी उसी ने दिया था.इस सब के बावज़ूद मोती के इस बरताव की वजह से आज उसे रोना आ गया. मन ही मन उसने भगवान से प्रार्थना की कि वो मोती से उसकी दोस्ती करा दें, बदले में वो अपने सारे खिलौने कुरबान करने को तैयार है. अब फ़ैसला भगवान को करना था.   

#क़िस्सोंक़ीकतरन (६)

#पवनपाण्डेय

Wednesday, August 16, 2023

क़िस्सों की कतरन

वो अब तक कम-से-कम 90 बरस बीत चुका था, मगर एक चाह उसमें आज भी उभर आती थी. काश, उसके अनगिनत पदचिह्नों में से एक पदचिह्न भी अमर हो जाता. और फिर कभी सैकड़ों बरस बाद कोई पुराविद् जैसे ही उसके पैरों के वो निशान खोजता, चाँद पर पड़े नील आर्मस्ट्रॉन्ग के पदचिह्नों की तरह उसके पदचिह्न भी मानवीय पराक्रम की एक महागाथा का मुखपृष्ठ बन जाते. 

#क़िस्सोंक़ीकतरन (५)

#पवनपाण्डेय 

Tuesday, August 15, 2023

क़िस्सों की कतरन

होश आया तो दूर तक बस रेत ही रेत फैला नज़र आया. वो हर तरफ़ बेतहाशा दौड़ने लगा, थककर चूर हो गया मगर उसे रेत का कोई छोर न मिला. नीचे वही धरती, ऊपर वही आसमान था, मगर वो अब तक बस परेशान था. तभी उसे दूर कहीं से ऊँटों पर तिरंगा थामे दो सिपाही दिखायी दिए. उन्होंने उसे देखते ही बंदूकें उसके ऊपर तान दीं. मगर न जाने क्यों वो अब ख़ुशी से ऐसे नाच रहा था, जैसे ज़िन्दगी की सबसे बड़ी दौलत मिल गयी हो...

#15अगस्त #स्वतंत्रतादिवस

#क़िस्सोंकीकतरन (४)

#पवनपाण्डेय

Monday, August 14, 2023

क़िस्सों की कतरन

बरसों ख़ुद को तमाम नज़रियों में खोजती फिरी, फिर कुछ बेबाक़ और कुछ चुपचाप नज़रों में. बस कुछ एहसासों के ठूंठ हाथ आए और हवा में ठहरी कुछ तितलियाँ. थक-हारकर अनजाने में जैसे ही उसने खोजना बंद किया, फूल मुस्काए.

#क़िस्सोंकीकतरन (२)

#पवनपाण्डेय 

Sunday, August 13, 2023

क़िस्सों की कतरन

अचानक अंधेरा छा गया तो उसने फ़ौरन आँखें मींच लीं. झुकना उसे कतई गवारा न था. अब सामने चाहे अंधेरा ही क्यों ना हो? 

#क़िस्सोंकीकतरन (१) 

#पवनपाण्डेय