आज जब कोरोना के रूप में मृत्यु का निर्लज्ज अट्टहास चहुँओर व्याप्त हो रहा है, हम में से अनेक अकबकाकर निस्तब्ध से होकर खड़े हैं. सभी नहीं, केवल वही जो मृत्यु के अन्यतम दंश को निकट से अनुभव कर चुके हैं या कर रहे हैं. शेष वे, जिनको उनकी कल्पना में अमरत्व का वरदान है या केवल आत्मकेंद्रित जीवन से चिपका पामर लोभ.
जो निस्तब्ध हैं, वे यथार्थ में अपने भीतर की प्रश्न उर्मियों के कारण हर क्षण अधीर हैं. और जीवन के अर्थ या उसकी भंगुरता से जुड़ी प्रहेलिकाएँ सुलझा लेना चाहते हैं. मूल्य उत्तरों की प्रामाणिकता का नहीं, उनकी सुलभता का है. ताकि अंध आवर्तन का क्रम टूटे नहीं, जिसकी पीड़ा का उन्हें जन्मजन्मान्तर से अभ्यास है. क्या यह जीवन इतना अबूझ है, इतना तात्कालिक? इतना आत्मीय होने पर भी इतना अपरिचित? अमूल्य होकर भी जिसका रत्तीभर मोल नहीं! मेरे पुण्यकर्मों का क्या? मेरी चुनी हुयी पीड़ाओं का क्या? जिसने मेरे श्रेय को छीना, उससे मेरी क्षतिपूर्ति का क्या? वासनाओं के मेरे दमन का पुरस्कार कौन देगा? मेरी भावनाओं के जो गीत अनसुने रह गये, क्या वे अनंत तक केवल भटकेंगे? अभी तो जीवन का सुर समझ आया था. अभी तो जीवन वीणा बजनी शुरू ही हुई थी. इस विशाल सृष्टि में एक तृण जैसा ही सही, मेरा भी तो एक स्वामित्त्व है. सृष्टा का मैं भी तो उत्तराधिकारी हूँ. क्या एक विषाणु मेरा नियंता है?एक ओर पश्चिम की आधुनिक मनोरचना तो प्रबंधन की अभ्यस्त है, जीवन का भी प्रबंधन करने लगती है. और प्रबंधन के शब्दजाल में उत्तर कीटों का आखेट कर स्वयं को छलती है. या दूसरी ओर एक पुस्तक या दूत के शब्दों पर बलात श्रद्धा से समस्त संदेहों का शमन (या दमन?) करती है. परन्तु यह त्रासदी तब होती है जब आत्मदृष्टा भारत की दृष्टिहीन संततियाँ भी मानसिक संताप का अनुगमन करती हैं. 'पूर्णता' की परंपरा का देश जब 'सकारात्मक' और 'नकारात्मक' के रूप में भ्रामक विभाजन करना सीख लेता है तो मनोविदलन को आमंत्रण देता है.
यह जगत् तो सत्त्व-रज-तम का समवेत सम्प्रेषण है. जो भी है वह त्रिगुणमयी है और पूर्ण का ही अंश है. यह जगत् न कभी आदर्श था, न है और न होगा. यह पूर्ण था, पूर्णहै और पूर्ण ही रहेगा. अब यह पूर्णता की स्वर लहरियाँ किसी को कर्कश लगें या मधुर, यह कर्कशता या माधुर्य केवल उसका मानसिक आरोपण मात्र है. भारत की दृष्टि झूठ के झूले में झुलाने के बजाय भीषण, दुर्दांत या प्रलयंकारी सत्य से साक्षात्कार के साहस की माँग ही नहीं करती, उसके लिए प्रशिक्षित भी करती है. जब अर्जुन को विश्वरूप का दर्शन कराया जाता है तो कोयल की कूक या मयूरों का नृत्य नहीं सुनायी-दिखायी देते, उस विश्वरूप में ज्वालामुखियों के विस्फोट या लाखों तारों को एक क्षण में ग्रसित करते कृष्णविवर भी प्रकट होते हैं. समुद्रमंथन से केवल अमृतकलश नहीं निकलता, हलाहल भी निकलता है.
इसलिए शरीर व मन के स्वचलित यंत्र का सतत अवलोकन करते आत्मरूप के प्रति थोड़ी सजगता भी इस रोमांचक जीवन चलचित्र से तादात्म्य के छल को तोड़ेगी. एक सत्य यदि वह शरीर है जो वायु से प्राणों का प्रति क्षण ऋण लेकर जीता है, तो एक सत्य वह सर्वव्यापी, सतत और अबाध मौन भीहै. जिस क्षण कोई सजग होता है, वह कालकलवित शव नहीं, महाकाल शिव होता है. इसलिए व्यावहारिक सत्य शरीर की रक्षा के लिए जितना सजग रहें, उतना ही पारमार्थिक आत्मदृष्टि के प्रति भी उतना ही सजग रहें. सजगता से केवल मृत्यु का ही सामना नहीं करना है, मृत्यु के भय का भी सामना करना है.
#पवनपाण्डेय