Thursday, April 15, 2021

गुरुवर को श्रद्धांजलि

 अभी-अभी एक अत्यंत दुःखद समाचार मिला है कि हिंदी और बृजभाषा के मूर्धन्य विद्वान, प्राचार्य एवं साहित्यकार डॉ. रामकृष्ण शर्मा जी और उनकी विदुषी पत्नी डॉ. विमलेश शर्मा जी का कोरोना के कारण निधन हो गया है.

यह मेरे लिए एक व्यक्तिगति क्षति भी है. उनका पड़ोसी होने का लाभ पाकर बचपन में मैं अक्सर उनके पास पहुँच जाता और साहित्य के उनके अगाध ज्ञान से जो भी सीखने की पात्रता मुझमें थी, लेकर आता. वह सदैव नये-नये विषयों पर लेख लिखने का काम देते और फिर पूरी निर्ममता से उसका विश्लेषण होता. उनकी प्रत्युत्पन्नमति, तीक्ष्ण मेधा, विलक्षण स्मृति और विपुल शब्दभंडार देखकर मैं बस अवाक् रह जाता. वे सतत् कुछ न कुछ ‌रचते रहते. जब मेधा के साथ ऐसी ऊर्जा का मणिकांचन योग होता है तो उसकी रक्षा यदाकदा अहं के अभिनय से करनी आवश्यक होती है, जोकि उन्हें भी करना पड़ता था. जबकि यथार्थ में उनमें सदैव बालसुलभ जिज्ञासा व आत्मान्वेषण बलवती रहे.

गुरुवर व गुरुमाता का समवेत परलोकगमन कासगंज, सूकरक्षेत्र और आसपास के उनके आत्मीयजनों, शिष्यों व प्रशंसकों के लिए तो दुःखद है ही, हिंदी और बृजभाषा के लिए भी अपूरणीय क्षति है. यहाँ अपूरणीय केवल औपचारिकतावश नहीं कह रहा. आज की इन भाषाओं की स्थितियाँ देखकर यह शब्द भी हल्का लगता है.

ऐसी क्षतियों का आकलन जीडीपी के कौन से आँकड़ों में करें?!

गुरुवर को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि

#पवनपाण्डेय

No comments: