वसुधैव कुटुम्बकम ही नहीं, सनातन ग्रंथों में अनेकानेक उदात्त विचारों का उल्लेख है. लेकिन विचारों की उदात्तता को अगर हर स्तर पर यथावत अर्थ में लिया जाए तो विसंगतियाँ हो सकती हैं.
कण-कण में भगवान् है इसलिए आप झाड़ू न लगाएँ और कहें कि धूल के कणों में भी ईश्वर है. संभवतः इसीलिए शंकर ने सत्य की श्रेणियाँ मानी हैं - पारमार्थिक, व्यावहारिक, प्रातिभासिक. एक स्तर का सत्य दूसरे स्तर पर ले जाकर उसका आकलन करने से ऐसी ही विसंगतियाँ होंगी.मोक्ष के लिए वेद, ब्रह्म-आत्म एकत्व का भाव भी अंतिम स्थिति में बाधा माने जाते हैं. तो कोई कहे इनकी क्या उपयोगिता है. वसुधैव कुटुंबकम एक स्तर का सत्य है. और यहाँ वसुधा केवल धरती के अर्थ में ही प्रयुक्त हुआ होगा, यह भी आवश्यक नहीं. क्या पृथ्वी के अलावा अन्य ग्रहों और लोकों के वासी कुटुंब में नहीं आएँगे? इसके अलावा अगर सारी वसुधा एक कुटुंब है तो राष्ट्र की ही क्या आवश्यकता है? आपके देश पर कोई दूसरा देश हमला करे तो आप हमलावरों को गले लगाने के लिए सीमा पर खड़े हो जाएँ? आदि-आदि.
मेरे विचार से 'वसुधैव कुटुंबकम' एक उदाहरण है उदार दृष्टि की प्रेरणा देने का. लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि इस विचार की वजह से राष्ट्र, भाषा, इतिहास-बोध, साहचर्यजनित प्रेम और क्षेत्रीय बोध निरर्थक हो जाते हैं.
हमें उदार दृष्टि के उदात्त लक्ष्य और व्यावहारिक जीवन के कटु सत्यों के बीच एक संतुलन बनाना है, और यह संतुलन या 'सम्यक' दृष्टि सनातन परम्परा के मूल में हैं. इसलिए कोई व्यक्ति एक स्तर पर एक स्त्री विशेष का प्रेमी, दूसरे स्तर पर राष्ट्रवादी, तीसरे स्तर पर केवल पृथ्वी ही नहीं, समस्त सृष्टि के साथ तादात्म्य का भाव रखने वाला भी हो सकता है. और जो भी देश या संस्कृतियाँ इस संतुलन को भूल जाती हैं, वे या तो नात्ज़ी बनकर दुनिया के लिए ख़तरा बन सकती हैं या तिब्बत की तरह स्वयं अपने अस्तित्व के लिए जूझ सकती हैं.
#पवनपाण्डेय