Thursday, May 29, 2014

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
किस्सा ही सारा ख़त्म हो जाए

और ख़बरदार जो नीचे उतारा
आखिर दुनियाँ कुछ तो सीखे
चुपचाप तमाशा देखने का अंजाम क्या होता है

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
क्योंकि पता नहीं
तुम्हें क्यों नहीं आती
हमें अब शर्म आती है
ये कहते कि वो सूबा मेरा है
मेरा भी उससे खून का नाता है

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
क्योंकि हमारी अस्मत
तुमने लटका तो दी है
सरे बाज़ार
सारे मुल्क के सामने

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
ताकि हमें शर्म न आए
अपनी बहनों के सामने

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर....


Sunday, May 25, 2014

ज़िद

ज़िद तो बस ज़िद है
एक ज़िद है आशियाँ बनाने की
एक ज़िद है जलते दिये बुझाने की
एक ज़िद है डूबे को बचाने की
एक ज़िद है कश्तियाँ डुबाने की
एक ज़िद है बढ़ के हाथ मिलाने की
एक ज़िद है दूसरों को झुकाने की
ज़िद तो बस ज़िद है
ज़िद की कोई जात नहीं होती
कोई धरम नहीं होता
कोई रंग, कोई रूप नहीं होता
चाहे तो प्यार का ताजमहल बना दे
और चाहे तो नफ़रत का श्मशान बना दे
ज़िद तो बस ज़िद है
तो क्यों न ज़िद करें
हर हाल में मुस्काने की
हर दिल में प्यार जगाने की
बस गाते जाने की
और गाते हुए चले जाने की
- पवन पाण्डेय