Thursday, June 30, 2011
अदीबे आलिया कमलेश्वर
कमलेश्वर के " कितने पाकिस्तान" से होकर गुज़र रहा हूँ इन दिनों. पहले-पहल लगा जैसे इतिहास की किताब को किसी उपन्यास के पन्नों के साथ फेंट दिया हो और एक नयी किताब बना दी हो.लेकिन धीरे-धीरे उसका रंग चढ़ने लगा है. बात सुनी-सुनाई है...मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, वगैरह-वगैरह. लेकिन जब दुनियां भर के नए-पुराने, बड़े-बड़े शहंशाहों और मुल्कों के रखवालों को एक अदने से अदीब की अदालत में पेश होते देखा और जिरह सुनीं तो बहुत कुछ महसूस किया. जानता पहले भी था पर एहसास कुछ और जुबान बोलने लगते थे. ज़्यादातर के साथ ऐसा होता है. हम जो जानते हैं, वो मानते नहीं और जो मानते हैं, वो महसूस नहीं करते. पहली बात जो अनुभूति बन गयी कि हर धर्म के मानने वाले ने अपने धर्म का अपने हित के लिए इस्तेमाल किया है. हम अपनी हर पहचान पर गर्व करते हैं, जैसे - जात-पात, खानदान, इलाका, भाषा या देश. हमारे लिए यह सब हमारी संपत्ति होती है क्योंकि वो हमें विरासत में मिलती है. जब तक हमारी कोई पहचान हमारे हित साधती है, हम उसे सहेजते और उसका गुणगान करते हैं पर अगर उससे हमारे हित टकराते हैं तो हम उसका एक हथियार की तरह इस्तेमाल करते हैं या फिर दूध में पड़ी मक्खी की तरह निकाल कर फ़ेंक देते हैं. यह फितरत पूरी दुनियां के हर कोने और इतिहास के हर पन्ने पर दर्ज़ मिलती है.
Subscribe to:
Posts (Atom)