Tuesday, August 29, 2017

ढोंगी बाबा

ओशो से पूछा गया -

भारत में ढोंगी बाबाओं पर

लोग यक़ीन क्यों कर लेते हैं

उनका जवाब था -

खोटा सिक्का चल रहा है

इसका मतलब -

लोगों ने असली सिक्का देखा है

असली सिक्के पर उनका भरोसा है

भारत में अनगिनत सच्चे संत

हर युग में जन्म लेते रहे हैं

आज भी हैं

इसी विश्वास का

कुछ ढोंगी बाबा फ़ायदा उठाते हैं

और ऐसे ढोंगी

हर देश, हर काल में पैदा होते रहे हैं

बस, पहले कोर्ट नहीं थे

तभी तो उनका गोरखधंधा

आज तक बदस्तूर जारी है

#पवनपाण्डेय

Tuesday, August 15, 2017

जन्माष्टमी पर स्वतंत्रता दिवस

दुनिया का शायद ही कोई और देश

इतने बरस पराधीन रहा है

और जिसे आज़ाद होने के लिए भी
अपने तीन टुकड़े कराने पड़े

भारत की पराधीनता यानी
सर्वमंगलकारी सनातन दृष्टि की पराधीनता
सीमित मानव की असीम सम्भावना का दमन

इसलिए स्वतंत्रता दिवस अनमोल है
और वह भी तब
जब यह योगिराज कृष्ण के कारागार में जन्म
के साथ मनाया जाए

इसलिए आइए पूरे उल्लास से आज उत्सव मनाएँ
पुनः अखंड भारत बनाने का
हर नौनिहाल की मुस्कान बनाए रखने का
संकल्प लें

वंदे मातरम!
जय श्री कृष्ण!

#पवनपाण्डेय

Sunday, August 13, 2017

गोरखपुर में बच्चों की मौत पर

बीमार हो चुकी व्यवस्था

जुमलों की गोली देने से ठीक नहीं होगी

ऑपरेशन ज़रूरी है

आज करो या कल

ऑपरेशन करना ही पड़ेगा

'तंत्र' के नाम पर 'जन' का शोषण

बंद करना ही पड़ेगा

और सबसे अहम बात:

राष्ट्रवाद एक बात है

और राष्ट्रवाद के नाम पर राजनीति दूसरी

इसलिए सिर्फ़ 'वन्दे मातरम' चिल्लाने से

कोई दूध का धुला नहीं हो जाता

और न ऐसे ढोंगियों की वज़ह से

राष्ट्रवादी सवाल बेमानी हो जाते हैं

#पवनपाण्डेय

Wednesday, August 9, 2017

'तमस'

 १९८७ में बना 'तमस'

दोबारा देख कर सोच रहा हूँ -

टीवी 4K वाला, २० फ़ीट का ले आओगे,

लेकिन वैसे बेहतरीन धारावाहिक कहाँ से लाओगे?

#पवनपाण्डेय

Tuesday, August 8, 2017

'सत्यमेव जयते'

'सत्यमेव जयते' कह-कह के

लोग देश को ज्ञान पिलाते हैं

लेकिन अपने ही व्यवसाय के कामगारों के हक़ में

बोलने से भी क़तराते हैं

#पवनपाण्डेय

Thursday, August 3, 2017

लादकर खुद को चलता हूँ मैं

लादकर खुद को चलता हूँ मैं

चलते हो तुम

चलते हैं सब

अकेले चलना बहुत भारी पड़ता है न!

भार ढ़ोने का अभ्यास

बरसों का है

कुछ भार विरासत से लिया

कुछ ख़ुद इकठ्ठा किया अब तक

कुछ अहसास कमतरी का

कुछ अहसास बादशाही का

कुछ ख़ुद के अक्स

कुछ दूसरों के

कुछ तो चाहिए न!

ज़िन्दगी का बर्तन और बिलकुल खाली?

हल्के रहना बहुत भारी पड़ता है न!

कोई है पागल

भीतर बैठा

बड़बड़ाता बरसों से

बोझा फैंको

हिम्मत तो दिखाओ

कबाड़ ये सब

कहीं फैंक आओ

तुम जाओ

अभी जाओ

और

फिर कभी

उसे वापस मत बुला लेना

जो तुम्हारा जाना-पहचाना है

जो तुम्हारे हर घाव का मरहम है

जो तुम्हारी हर सार्थक बेचैनी का

जानी-दुश्मन है

बहुत ही चालाक है

बचकर रहना

कहो सबसे

कि वो फैंक आएँ ख़ुद को

अपने बनाए उस ख़ुद को

जिसे उन्होंने अपने कंधे पर लाद रखा है!

#पवनपाण्डेय