Thursday, March 27, 2025

हथेली पर सुरंग

अब उसके लिए चलना दूभर हो रहा था.

दिनभर एक बेहोशी में वह यहाँ-वहाँ भागा-फिरा था.

कभी पानी की तलाश में, कभी किसी फल की उम्मीद लगाए, कभी मखमली घास में सुस्ताने, तो कभी रंग-बिरंगी तितलियों का पीछा करते हुए.

जैसे-जैसे दिन ढलने को हुआ, उसकी थकान उसपर हावी होने लगी.

दिमाग़ सुन्न और पैर जड़ हो रहे थे.

सोच रहा था, सुबह जहाँ से चला था, अब तक वहीं खड़ा हूँ.

हताशा, खीझ और डर ने मिलकर एक चीख पैदा की मगर उसकी चीख को भी ख़ुद अपने सिवाय कुछ सुनाई न दिया.

जहाँ देखो, पेड़ों, झाड़ियों और ऊबड़-खाबड़ ज़मीन का एक बेतरतीब इंद्रजाल उसे चारों तरफ़ से घेरे खड़ा था.

अनवरत झींगुरों का अनर्गल प्रलाप अलग चल रहा था.

अब और कोई चारा न देख उसने अपनी हथेली फैलायी. उसपर एक चौकोर काँच का टुकड़ा रखा था. और उससे एक रंगबिरंगी गहरी सुरंग दिख रही थी, जो धीरे-धीरे बड़ी होती जा रही थी.

वह मुस्कुराया और अगले ही पल उसने सुरंग में फिर से छलाँग लगा दी.

अब उसके चेहरे पर एक सिद्धहस्त स्काई डाइवर जैसा रोमांच का चरम सुख उफान मार रहा था और हवा में तैरते हुए नीचे गिरने की उसकी ख़ुशी का कोई अंत न था.

#क़िस्सोंकीकतरन (१०)     

#पवनपाण्डेय

Saturday, March 1, 2025

घूमता कालचक्र और भारतदृष्टि

बचपन से राष्ट्रचिन्तन मेरी जिजीविषा की प्राणवायु रहा है. उसी कड़ी में सन 90-92 के दौरान गृहनगर कासगंज के मेहता पुस्तकालय में बैठकर तमाम पत्र-पत्रिकाएँ में पढ़े अनेकों लेख पिछले कुछ माह से गहनता से स्मरण हो रहे हैं. 

आज देश और दुनिया में बहुत कुछ ऐसा घटते देख रहा हूँ, जिसकी आहट लगभग 35 बरस पहले पढ़े लेखों में सुन रहा था. 

जैसे कि, घटती जन्मदर और प्रवासियों के कारण पहले यूरोप का पतन होगा और फिर वह मज़हबी युद्धों में झुलसेगा. 

21वीं सदी के आरंभ में भारत में एक नेता का उदय होगा, जिसके नेतृत्व में भारत क्रमशः विश्व की एक महाशक्ति बनेगा. 

भारत में सनातन परंपरा का पुनरोत्थान होगा. विश्व में इसके प्रति रुचि और स्वीकार्यता बढ़ेगी. 

भारत और इसके आसपास के देश एक मंथन से गुजरेंगे. 

उत्तरी भारत के मैदानी इलाकों से विश्व के विशालतम तेल भंडारों का पता चलेगा. 

आज देश और दुनिया में जो भी घट रहा है, वह बहुत कुछ उसी दिशा में होता दिख रहा है. और बहुत कुछ, घटने के क्रम में है.

दुनिया की महाशक्ति कहा जाने वाला अमरीका आज एक अभूतपूर्व परिस्थिति का सामना कर रहा है. विकराल कर्ज़ मुँह बाये खड़ा है और शेष दुनिया का शोषण करके मौज उड़ाने वाली उसकी डॉलर इकॉनमी अब आख़िरी साँसें गिन रही है. जब मुफ़्त में छापे डॉलर सारी दुनिया की आधिकारिक मुद्रा के रूप नहीं रहने वाले, तो सारी दुनिया के चौकीदार बन के दादागिरी दिखाने और आपस में लड़ाने वाली भूमिका से पीछे हटने की चपल चेष्टा भी हो रही है. 

जब अमरीका पहले अपना घर सम्हालने की नई भूमिका की शुरुआत कर रहा है तो यूरोप पर भी अब अपने बल पर जूझने और नए रास्ते तलाशने का दबाब है. इसीलिए दशकों तक भारत के चौधरी बनने वाले यूरोप के EU की मुखिया अपनी पूरी कैबिनेट के साथ भारत से मुक्त व्यापार समझौते की गुहार लगाने दिल्ली आकर बैठी हैं. 

उपनिवेशवाद से दुनियाभर को नोंचने के बाद से यूरोप अब क्रमशः स्वयं अपने अस्तित्व को बचाकर रखने की जद्दोजहद में है.

लेकिन पश्चिम का यह संकट केवल अर्थव्यवस्था का संकट नहीं है. सारी दुनिया के सामने एक सामाजिक-आर्थिक-सांस्कृतिक दृष्टि का संकट है. हम आगे बढ़ें, मगर किस दिशा में? हमारे समाज, अर्थव्यवस्था और संस्कृति के विकास की परिभाषा, उसका पैमाना क्या हो? और गहन रूप में यह एक आध्यात्मिक संकट है. एक आध्यात्मिक प्राणी के रूप में हमारी दिशा क्या हो? अगर हमने एक बहुआयामी और संश्लिष्ट दृष्टि विकसित न की तो हम गहरे अंतर्विरोधों और असमंजस में फँसने के लिए अभिशप्त हैं. उदाहरण के लिए, अमरीका की अनेक युवतियाँ डिजिटल वेश्यावृत्ति को एक बढ़िया व्यवसाय मानकर अपना जीवनयापन कर रही हैं और लाखों डॉलर कमा रही हैं. अब समाज को यह तय करना है कि उसूलों को लात मारकर दैहिक सुख के साधन जुटाना, फिर शरीर ढलने पर या अकेलेपन और अवसाद से खीजकर हताश जीवन के लिए अभिशप्त होने के अलावा भी क्या कोई रास्ता है? 

भारत की सनातन दृष्टि यहाँ प्रासंगिक है. अब समय है उसकी समसामयिक व्याख्या का. यह उन ऋषियों की एक अमूल्य देन है, जिन्होंने सृष्टि के व्यापक और सनातन नियमों का अन्वेषण किया और उनको एक सहज जीवन कला के रूप में विकसित किया. 

आवश्यकता है, गोरों को महामानव समझने वाली अपनी बरसों की मानसिक आदत से बाहर आने की. उससे भी महत्त्वपूर्ण, समय के साथ स्वयं के समाज में आये तमाम दुर्गुणों के निर्मम परिष्कार की. दुनिया को आपके स्वामी विवेकानंद चाहिए, अध्यात्म का केवल चोला ओढ़ने वाले कालनेमि नहीं. (और ‘गोरों’ से यहाँ तात्पर्य केवल श्वेत नस्लीय उच्चताग्रंथि वाले औपनिवेशिक और अब्राहमिक सोच वाले व्यक्तियों से है.)

विश्व को मौलिक विचार चाहिए. भारत की मेधा यह दायित्व बख़ूबी पूरा कर सकती है.

उदाहरण के लिए, क्या भारत इंजीनियरिंग, चिकित्सा, खानपान, कला, सिनेमा, संगीत, खगोलविज्ञान, पर्यावरण आदि तमाम क्षेत्रों में मौलिक भारतीय विचार सामने रखने की सोच और आत्मविश्वास रखता है? 

गोरे आपकी ओर देख रहे हैं, और आप हैं, कि ख़ुद अपना पता भी उनसे पूछने की आदत से बाज़ नहीं आ रहे! 

#पवनपाण्डेय

Wednesday, February 12, 2025

कुम्भ

कुम्भ

नहीं है पर्यटन
और न केवल स्नान

अंतरतम तमस भी
यहाँ होता प्रकाशमान

गहन सुषुप्ति का भी
यहाँ होता जागरण

वृत्तियों का शमन
चेतना का परिष्कार

जिसे तुम कहते सनातन
यह उसका साक्षात्कार

#पवनपाण्डेय

Saturday, December 21, 2024

एक दृष्टि: सनातन

दृष्टि है वह

जिसे सुविधा से कहते

सनातन

एकमात्र 'धार्मिकता'

जिसका लक्ष्य है

'धार्मिकता' से पार

'परम धार्मिकता' के शिखर तक

गहनतम उसके मर्म तक ले जाना

मगर

अभागे हैं वो

जिनको सुलभ है

यह दृष्टि

मगर वो मूँदे हैं आँखें

#पवनपाण्डेय

Sunday, March 24, 2024

'वीर सावरकर'

हर बरस होली एक अलग रंग में रँगी होती है,

मेरे लिए इस बरस 'काला पानी' से रँगी है!

वह काला पानी जो कितने ही अनाम क्रांतिवीरों की आजीवन यातना बन गया.

और कुछ के तो देहोत्सर्ग के बाद भी
उनकी गौरव गाथा पर कालिख बन कर पुता रह गया.

इतना गहरा, कि जिनके लिए उन्होंने और उनके पूरे परिवार ने हर दिन मृत्युदंड जैसी पीड़ा झेली, उन्होंने भी उनका कोई मोल न समझा, यहाँ तक कि लोगों ने अपनी अदालत में बिना सबूतों के आधार पर उनको फिर से अपराधी घोषित कर दिया.

ऐसे ही अभागे थे वीर सावरकर!

जिन पर अंग्रेज़ सरकार से माफ़ी माँगने और फ़िरक़ा परस्ती का इल्ज़ाम लगाकर देश की स्मृति से देशनिकाला दे दिया गया.

'वीर सावरकर' फ़िल्म एक कलाकार की ओर से उस स्वतंत्रता सेनानी की कभी न सुनी गयी आवाज़ को सुनने की एक कोशिश है.

यह फ़िल्म प्रभावी पटकथा, गहन शोध, सुंदर संपादन, चित्रांकन और ईमानदार अभिनय के लिए सिनेमाहॉल में देखना बनता है.

और सच कहूँ तो जितना उस भारत माँ के सपूत ने झेला, उसके जीवन की यह झलकी परिवार के साथ, नयी पीढ़ी के साथ, जाकर देखना बनता है.

जो सिनेमा और कला के लिए सत्यनिष्ठ हैं, ऐसे सभी कलाकर्मियों के लिए रणदीप हुड्डा ने एक मानक स्थापित किया है.

मेरे एक मित्र Santosh Ojha ने भी लोकमान्य तिलक की भूमिका बड़े प्रभावी रूप में निभायी है.

अगर वीर सावरकर के प्रति आपके कोई संशय, शिकायतें या आरोप हैं, तो भी कठघरे में खड़े उस अपराधी की बात सुनना आपकी ज़िम्मेदारी बनती है; आँख बंद करके सिर्फ़ फ़ैसला सुना देना कितना जायज़ है?

देश की ज़िम्मेदारी है कि वह उनका पक्ष भी सुने, जिनको बरसों तक हमने कोई मंच ही नहीं दिया.

जिस व्यक्ति ने बड़े-बड़े स्वतंत्रता सेनानियों को प्रेरणा दी, उस पर उँगली उठाने लायक नैतिकता का दावा हम में से कितने कर सकते हैं?

क्या पता, उनका पक्ष जानकर बाक़ी देश को भी लगे कि इस बार माफ़ीनामा उसे लिखना चाहिए!

#पवनपाण्डेय


Thursday, March 21, 2024

सहचरी

किसी जुड़वाँ से भी ज़्यादा क़रीब कोई हो सकता था, तो वो थी

कोई चलता, तो वो भी साथ चलती

भागता, तो वो भी साथ भागती

उठते-बैठते, सुख में, दुःख में 

उनके वो हमेशा साथ होती

दोस्त छोड़ो, दुश्मन भी एक वक़्त के बाद अकेला छोड़ देते, मगर वो न छोड़ती

उसकी किसी से कोई शर्त, कोई अपेक्षा न थी

सुना है, जब से किसी जोगी ने चुपके से जीवन का सत्य उसके कानों में फूँक दिया था, वह तब से तृप्त थी

सुना है, वह सहचरी होने को अभिशप्त थी

पल में घटने, पल में बढ़ने वाली काया थी

प्रकाश और सृष्टि के संसर्ग से उपजी
वह छाया थी

#क़िस्सोंकीकतरन (१०)      

#पवनपाण्डेय   

Saturday, March 16, 2024

क़िस्सों की कतरन

पल्टूराम 

बचपन में लेटे-लेटे पलट जाते, 

और धम्म से बिस्तर से ज़मीन पर! 

दादी पुचकार कर चुपातीं, 

और हँसकर कहतीं - ये पल्टू है मेरा!

धीरे-धीरे बच्चे का यही नाम पड़ गया, 

और पल्टू का नाम ही उसका स्वभाव बनने लग गया. 

कहता पूरब, करता पच्छिम.  

निकलता नानामऊ, पहुँचता फाफामऊ.     

घंटों एक चीज़ के लिए मिन्नतें करता. 

अगले ही पल दूसरी चीज़ के लिए दौड़ पड़ता. 

प्रेम किया किसी से, ब्याह किया किसी से. 
 
ट्रेनिंग किसी काम की, नौकरी किसी काम की.  

उसका ये स्वभाव ख़ुद उसे भी समझ ना आता. 

झुँझलाता, मगर कुछ कर ना पाता.       

यही सब करते-करते बुढ़ापा आया. 

मगर उसके स्वभाव में बदलाव कोई न आया. 

जब लोग उसका मज़ाक़ उड़ाते.

तो सुकरात के लहजे में कहता - कम-स-कम मुझे पता है कि मुझे पता नहीं मुझे क्या चाहिए. 

तुम सब तो मुझसे भी गए गुज़रे हो, 
तुमको तो पता ही नहीं कि तुमको भी पता नहीं, तुम्हें क्या चाहिए. 

बहरहाल एक दिन अचानक पल्टू को दिल का दौरा पड़ा. 
अस्पताल जाते हुए इस बार वो नहीं, उसकी एम्बुलेंस पलटी. 
और दिल का मरीज़ पल्टूराम 
दिल के दौरे नहीं, चोट की वजह से मारा गया.

जाते-जाते भी पल्टूराम अपना धर्म निभाता गया. 
सुना है, इसी बात से ख़ुश होकर 
ईश्वर ने भी अपना फ़ैसला पलटा. 
नरक में धकेलने के ठीक पहले.  
उसको स्वर्ग भेजा गया.     

#क़िस्सोंकीकतरन (९)      

#पवनपाण्डेय