नमस्कार. कई दिन से यह विचार मन में चल रहा था कि श्रीकृष्ण का मोरपंख भी कहीं एक प्रतीक तो नहीं, जो स्वयं में एक गूढ़ अर्थ छिपाए हो. लगता था कि हो न हो, मोरपंख के रंग और सहस्रार के बैंगनी रंग में और श्रीकृष्ण के सर पर सजे होने में कोई संबंध होना चाहिए. मेरे अनुमान को एक स्थान पर चित्र सहित व्याख्या तो मिली ही, उनकी मुरली का भी एक आध्यात्मिक अर्थ पता चला.
मोरपंख की आँखें सहस्रार चक्र के सहस्र दलों का प्रतीक हैं. जैसे मोर आनंद से नृत्य करते समय अपने पंखों का वितान खोल देता है, वैसे ही योग की चरम अनुभूति में सहस्रार चक्र जाग्रत हो उठता है.
और योग की इस चरम अनुभूति तक योगी पहुँचता कैसे है? सात चक्रों के सुरों को साधने के बाद, जो छिद्रों को साधकर बजने वाली मुरली के माध्यम से व्यक्त होती है.
बाँसुरी बजाने वाले रसिया कन्हैया के पीछे छिपे योगिराज कृष्ण को जो पहचान जाता है, उसकी यात्रा बदल जाती है.
(किन्हीं संतोष चट्टोपाध्याय जी के एक लेख से जाना. लेख व चित्र के लिए उनका आभार.)
#पवनपाण्डेय
