Monday, July 4, 2011

कुछ तो किया जाए...या फिर, कुछ किया ही न जाए?

अपनी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में हम अक्सर यह एहसास करते हैं कि 'यह सिस्टम ठीक नहीं है', कुछ तो करना चाहिए. एक उबाल सा आता है और कैंटीन में बहस के साथ ठंडा हो जाता है या फिर क्रिकेट के रोमांच या टीवी-इन्टरनेट से सहज-प्राप्य उत्तेजना हमें इससे निज़ात दे देती है.अगर कोई इक्का-दुक्का कोई ज़मीनी पहल करने की सोचे भी तो तमाम बातें सुननी पड़ती हैं, जैसे - इससे क्या होगा, नेता बनने चले हो...आदि.इसके अलावा आपको किसी न किसी कैम्प के साथ भी जोड़ दिया जाता है - यह तो नेकर वालों की बोली लगती है, तो आजकल मार्क्स पढ़ रहे हैं...वगैरा-वगैरा.अब सवाल यह उठता है कि किया क्या जाए, या फिर कुछ किया ही न जाए?

Thursday, June 30, 2011

अदीबे आलिया कमलेश्वर

कमलेश्वर के " कितने पाकिस्तान" से होकर गुज़र रहा हूँ इन दिनों. पहले-पहल लगा जैसे इतिहास की किताब को किसी उपन्यास के पन्नों के साथ फेंट दिया हो और एक नयी किताब बना दी हो.लेकिन धीरे-धीरे उसका रंग चढ़ने लगा है. बात सुनी-सुनाई है...मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना, वगैरह-वगैरह. लेकिन जब दुनियां भर के नए-पुराने, बड़े-बड़े शहंशाहों और मुल्कों के रखवालों को एक अदने से अदीब की अदालत में पेश होते देखा और जिरह सुनीं तो बहुत कुछ महसूस किया. जानता पहले भी था पर एहसास कुछ और जुबान बोलने लगते थे. ज़्यादातर के साथ ऐसा होता है. हम जो जानते हैं, वो मानते नहीं और जो मानते हैं, वो महसूस नहीं करते. पहली बात जो अनुभूति बन गयी कि हर धर्म के मानने वाले ने अपने धर्म का अपने हित के लिए इस्तेमाल किया है. हम अपनी हर पहचान पर गर्व करते हैं, जैसे - जात-पात, खानदान, इलाका, भाषा या देश. हमारे लिए यह सब हमारी संपत्ति होती है क्योंकि वो हमें विरासत में मिलती है. जब तक हमारी कोई पहचान हमारे हित साधती है, हम उसे सहेजते और उसका गुणगान करते हैं पर अगर उससे हमारे हित टकराते हैं तो हम उसका एक हथियार की तरह इस्तेमाल करते हैं या फिर दूध में पड़ी मक्खी की तरह निकाल कर फ़ेंक देते हैं. यह फितरत पूरी दुनियां के हर कोने और इतिहास के हर पन्ने पर दर्ज़ मिलती है.