Monday, December 23, 2013

उनका होना

उनका होना
जैसे कड़ी धूप में
किसी पेड़ की ठंडी छाँव


उनका होना
जैसे करामाती मरहम
जब घायल हों मेरे पाँव


उनका होना
मेरे होने का प्रथम अर्थ


उनका होना
इस जगत में सत्य का
प्रथम ज्वलंत प्रमाण


उनका होना
इसी ने ढाली है मेरी दृष्टि
यत्र सर्वत्र कैसी फैली है यह सृष्टि


उनका होना
सेतु है मेरे वर्तमान
और अनजाने, अबूझ अतीत के बीच


उनका होना
एक चिरंतन स्मारक
मेरे सत्य, सार्थक होने के दायित्व का


उनका होना
स्वयं में पर्याप्त है
- क्योंकि वे मेरे पिता हैं!

Sunday, December 22, 2013

चुप रहो

चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!

बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो


सुना है
कई सियारों ने खाल ओढ़ कर मर्द की
इस शहर में ले ली है पनाह


इसलिए
चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!
बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो


सुना है
यह नयी किस्म है सियारों की
जो पेट भरने को लाशें नहीं नोंचती
इसकी रगों का उबाल ऐसा अंधा है
कि बोटी-बोटी नोंच कर अपनी ही माँ की
पाता है ठंडक


इसलिए
चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!
बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो

Friday, December 20, 2013

अबूझ आदर्श


अमूर्त और निःशब्द
परम शांति
तुम्हारे प्रेरक हैं प्रियवर


समय के मूढ़ कोलाहल का हैं यह शमन?
क्या एक त्वरित उपाय?
या छद्म अहम् का मायाजाल?


भई, मैं तो उस कवि का सजल-उर शिष्य हूँ
जिसे नहीं चाहिए शांति
उसे चाहिए क्रांति
मुझे चाहिए संवेदना विस्तीर्ण
नहीं चाहिए भाषा-प्रावीण्य
चाहिए एक खगोलीय ककहरा


निर्वाण का निश्चल जल
सहज ही मर जाता है
किसी अन्य की पिपासा शांत नहीं करता
बोधिसत्व मुन्नाभाई तो
सबको गले लगाता है   
हर नौका खेने आता है


शुष्क सामान्य से अपेक्षा ही क्या
भौतिक कठोर का तो कहना ही क्या
प्रश्न तब उठता है
जब कोई आदर्श अमूर्त
बन जाता है अबूझ
एक अक्खड़ व एकांत गवेषणा
यह बन जाता है
मानवता का अन्यतम त्रास
एक आकाश निर्वात


संघर्ष अनेक हैं
किन्तु संघर्ष अंतिम केवल एक है
मूर्त व अमूर्त का संघर्ष
क्या यह संघर्ष अपरिहार्य है?
क्या इसकी कोई परिणति है?
क्या इसकी परिणति में कोई संगति है?
क्या यही संगति ही सद्गति है?