इतिहास क्या अतीत की घटनाओं का संकलन और निष्पक्ष विश्लेषण मात्र है? यदि है, तो क्या किसी भी देश का इतिहास निष्पक्षता का दावा कर सकता है?
इतिहास किसी देश या व्यक्ति के लिए उसकी आत्म छवि को भी आकार देता है. मानव स्वभाव है कि वह अपने अतीत, अपनी पहचान के प्रति आश्वस्त और गौरवान्वित अनुभव करे और अपने से जुड़े किसी भी लांछन को तब तक स्वीकार न करे जब तक कि कोई बात असंदिग्ध रूप से सिद्ध न हो जाए.
कोई भी मानव अपने जीवन में केवल तर्क के आधार पर जीवन नहीं जी सकता; आस्था का सहारा लेना ही पड़ता है.कितने लोग पानी पीने या भोजन करने के पहले उसकी प्रयोगशाला में जाँच करते हैं कि उसमें कोई हानिकर चीज़ नहीं पड़ी है.अपने ड्राइवर, रसोइये वगैरा पर हम विश्वास करके अपना काम करते हैं.
इस पृष्ठभूमि में भारत के इतिहास की बात करते हैं. भारत का मान्यता प्राप्त इतिहास लेखन मूलतः ब्रिटिश उपनिवेशवादी प्रेरणा से विकसित और फिर वामपंथी दृष्टिकोण से पल्लवित हुआ है.क्या यह इतिहास निष्पक्षता का दावा कर सकता है?
भारत को थोड़ा गंभीरता से समझने वाले लोग मानेंगे कि भारत सिर्फ़ एक देश नहीं, एक चेतना का नाम है. और इसमें प्रतीकों, मिथकों और जीवन के प्रति आध्यात्मिक दृष्टि का बड़ा महत्त्व रहा है.अब ऐसे देश का इतिहास वामपंथी दृष्टि से अगर लिखेंगे तो आपके पास निष्कर्ष तो होंगे, पर उनमें भारत की आत्मा नदारद होगी. इसके अलावा भारत की काल-चेतना ही पश्चिमी दृष्टि से भिन्न है. बंगाल के बाउल संत अपना अस्तित्व समंदर के रेत पर पड़े निशान जितना नश्वर मानते हैं, इसलिए उनकी सदियों की परंपरा के प्रमाणपत्र खोजना क्या अर्थहीन और उनके लिए अप्रासंगिक नहीं है?
अब ऐसे में राम के अस्तित्व को प्रयोगशाला में प्रमाणित करने की ज़िद बड़ी रोचक लगती है. सामान्य रूप से एक प्रमाण दिया जाता है कि अयोध्या में उस समय मानव बस्तियों के प्रमाण ही नहीं मिलते. इस प्रसंग में भारत में अब तक हुए ऐतिहासिक अनुसंधानों की सीमाओं से सभी परिचित हैं. अगर मुझे ठीक से याद है तो ‘इग्नू’ के इतिहास (सरकारी मान्यता प्राप्त) मानता है कि हड़प्पा सभ्यता के ही अब तक केवल 3% स्थानों का उत्खनन हुआ है. उसकी भाषा अभी तक पढ़ी नहीं जा सकी है. आए दिन नए-नए तथ्य प्रकाश में आते हैं या देश के कोने-कोने में जनश्रुतियों या पुरातात्विक अवशेषों में मिलते हैं. अब तक केवल मिथकों में मान्यताप्राप्त द्वारका शहर जब कुछ बरस पहले समुद्र में दबा मिला.
मेरे विचार से विकल्प बहुत स्पष्ट है. एक उदाहरण देना चाहूँगा. कल्लन से एक दिन उसका मालिक बोला - तुझे अपने बाप के बारे में क्या मालूम है? तेरे पैदा होने तक तो वो मर गया था. वो चोर और नशेड़ी था. कल्लन ने अब तक ऐसा कुछ नहीं सुना था. फिर भी उसने पूछताछ की.पड़ोसी और रिश्तेदारों से उसने अपने बाप की तारीफ ही सुनी. अब कल्लन जीवन भर अपने पिता को एक अच्छा इंसान तब तक मानता रहे, जब तक कि कोई ठोस तथ्य कुछ और सिद्ध न कर दे, या अपने पिता को चोर तब तक मानता रहे जब तक कि कोई ठोस तथ्य उसे अच्छा सिद्ध न कर दे.
भारत के इतिहास में दो ख़ेमे हैं. एक ख़ेमा मानता है कि आर्य भारत में बाहर से आए, राम सिर्फ़ एक कल्पना है, भारत एक उपमहाद्वीप ही रहा है, ब्रिटिश दासता भारत के लिए हितकर थी, 1857 में स्वतंत्रता संग्राम नहीं, सैनिक विद्रोह मात्र हुआ आदि-आदि. ये ख़ेमा कहता है कि इतिहास तो सुबूत माँगता है. हमारे सुबूत यही सिद्ध करते हैं. हम यही मानते रहेंगे जब तक कि आप हमारे द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण नहीं लाते.हड़प्पा सभ्यता में पशुपति, योग, मातृदेवी, सिन्दूर जैसे अनगिनत प्रमाणों की व्याख्या यह ख़ेमा अपने अनुरूप करता है. दूसरा ख़ेमा भारत की लोक चेतना, इसके आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक बोध से प्रेरित होता है. इस ख़ेमे वाले कोई भारतीय या विदेशी विद्वान जब कभी तथ्य पेश करते हैं तो उनके आरोप दक्षिणपंथी मानकर ख़ारिज कर दिए जाते हैं. सरकारी आर्थिक और संस्थागत मदद पहले खेमे के साथ है. अब चुनौती दूसरे ख़ेमे के सामने यह है कि एकजुट होकर अनुसंधान पर काम करे और स्वयं में हीनता का अनुभव न करे. महाराष्ट्र में शिवाजी पर आधारित पहला संग्रहालय एक फ्रांसीसी भारतविद् की प्रेरणा से कुछ महीने पहले खुला है. हड़प्पा की लिपि पर काम करें. और भारत की प्राचीन मनीषा को यथासंभव नयी पीढ़ी तक पहुंचाएं.