Friday, June 26, 2015

उपसर्ग

धन हो 
बंधन नहीं 

बल खोजो 
संबल नहीं 

देश पहले 
आदेश नहीं 

भाव देखो 
प्रभाव नहीं 

Friday, January 23, 2015

अल्फ़ाज़ का रंग

अल्फ़ाज़ का भी रंग होता है.

वक़्त के संग वो बदरंग होता है.

कोई बात नहीं.

उसपे तुम्हारा बस नहीं.

लेकिन अपने अल्फ़ाज़ का रंग ख़ुद तो मत बदलो!

कैसा लगेगा तुम्हें -

अगर माँ के मीठे उलाहने

जिज्जी का लाड़

या

पड़ोस के उस्मान चच्चा की दुअाएं

रंग बदल दें!

सनद रहे -

अल्फ़ाज़ ख़ुद इंसान बन जाते हैं.

इसलिए

जो जिओ वही कहो.

और जो कहो

उसके लिए मरना भी पड़े, तो मरो!

Friday, January 16, 2015

लोकपाल

लोकपाल गुब्बारा था? 

या बस कोई नारा था? 


अन्ना के प्रण के आगे, 


तंत्र ये सारा हारा था. 


चेहरे थे, चेहरों का क्या! 


क़सूर क्या उनका सारा था. 


क्या हमने उसको दफ़नाया?


क्या वो छल हमारा था??

Saturday, January 3, 2015

छल-प्रपंच

छल-प्रपंच
स्वयं से
दूसरों से
चलता रहता है
जब तक
जीवन रहता है
स्वयं के होने का एहसास
स्वायत्त, स्वतंत्र, पृथक
अबूझ, अमूर्त
अनवरत सत्ता

यह एहसास

तीखा है, अनोखा है
चाहिए उसे कुछ
 मौन डराता है
ख़ालीपन खलता है
इसीलिए ये ख़ालीपन
हर पल हमको छलता है
और हर मानव
दूसरे मानव को छलता है
गहरे में दुबक के
बैठा रहता है ये कहीं
और फिर हमसे
यही सब कराता है

सतह पर दिखता है

बहुत कुछ
धर्म, भाषा, इलाक़ा
मर्दानगी, दीवानगी
ममता, वहशत
बदला, जोश
डर, कमीनापन
तलवे चाटना
शेर सा दहाड़ना
अनगिनत चालें
असंख्य भाव
परम पुण्य
और परम पातक
समंदर की लहरें
या झोंके हवा के
हम इतने ही विलक्षण
इतने ही क्षणिक
किन्तु क्षण का लक्षण है

किसी चिरंतन का संकेत

हर भाव, विचार के वैविध्य से परे
उसका न आदि है
न अंत है
वह अनंत है
उसकी अनुभूति
कोलाहल का अंत है
कोलाहल का अंत है
अंत है
…!!