Wednesday, December 14, 2022

बोला - बोली

 बोली: "अब वो रात कहाँ खो गयी... जब तुम... लेके हाथों में हाथ, तारों की बात करते थे?"

बोला: "वहीं जहाँ शब्दों से छिपकर अर्थों ने पनाह ली है."
बोली: "अभिशप्त हैं अर्थ... एक धड़कन भी पुकारेगी, तो आना होगा उन्हें..."
बोला: "अब दिलों में भी दिल नहीं होते... तुम धड़कनों की बात करती हो!"
बोली: "तो चलो... चलो ना!! चलो कुछ दिल उगाएँ... "
बोला: "बस पास बैठो ख़ुद को समेटे... क्या पता, रंगों में रंग भर जाएँ..."
बोली: "श्श्श्श्श!!!... ठहरे रहो बस... चलो ख़ुद रंग बन जाएँ..."

Friday, October 7, 2022

गीत

 न तलवारों से उनको जीत सकते

न वो कारख़ानों में बन पाते हैं

गीत तो फूल हैं

बरसों दिल से सींचो
वो अपनी मर्ज़ी से मुस्कुराते हैं

Thursday, April 14, 2022

मामा का जाना

बहुत से रिश्तों को कहानियाँ, कविताएँ मिल जाती हैं, मगर मामा का रिश्ता थोड़ा पीछे छूट जाता है. लेकिन महसूस करता हूँ कि जिसके बचपन में मामा से जुड़े क़िस्से नहीं, उसने बचपन पूरा जिया नहीं.

मेरे मामाजी का लंबी बीमारी के बाद कल शाम 6 बजे देहावसान हो गया. और रह गया उनके साथ बिताए बचपन की कितनी ही ख़ूबसूरत यादों का पिटारा. ऐसी यादें जो बस दूरदर्शन युग में बड़ी हुई पीढ़ी को ही नसीब हो सकती थीं. ऐसी यादें जो वक़्त और ज़िम्मेदारियों से जूझते मन को आज भी मुस्कुराने का बहाना देती हैं.
मामाजी, जीवन को तो चलते जाना है, मगर आप हमेशा याद रहेंगे. ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें. 🙏