उनका होना
जैसे कड़ी धूप में
किसी पेड़ की ठंडी छाँव
उनका होना
जैसे करामाती मरहम
जब घायल हों मेरे पाँव
उनका होना
मेरे होने का प्रथम अर्थ
उनका होना
इस जगत में सत्य का
प्रथम ज्वलंत प्रमाण
उनका होना
इसी ने ढाली है मेरी दृष्टि
यत्र सर्वत्र कैसी फैली है यह सृष्टि
उनका होना
सेतु है मेरे वर्तमान
और अनजाने, अबूझ अतीत के बीच
उनका होना
एक चिरंतन स्मारक
मेरे सत्य, सार्थक होने के दायित्व का
उनका होना
स्वयं में पर्याप्त है
- क्योंकि वे मेरे पिता हैं!
No comments:
Post a Comment