Sunday, December 22, 2013

चुप रहो

चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!

बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो


सुना है
कई सियारों ने खाल ओढ़ कर मर्द की
इस शहर में ले ली है पनाह


इसलिए
चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!
बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो


सुना है
यह नयी किस्म है सियारों की
जो पेट भरने को लाशें नहीं नोंचती
इसकी रगों का उबाल ऐसा अंधा है
कि बोटी-बोटी नोंच कर अपनी ही माँ की
पाता है ठंडक


इसलिए
चुप रहो, बिलकुल ख़ामोश!
बिलकुल खबर न लगे किसी को
कि तुम भी एक 'मर्द' हो

No comments: