पल्टूराम
बचपन में लेटे-लेटे पलट जाते,
और धम्म से बिस्तर से ज़मीन पर!
दादी पुचकार कर चुपातीं,
और हँसकर कहतीं - ये पल्टू है मेरा!
धीरे-धीरे बच्चे का यही नाम पड़ गया,
और पल्टू का नाम ही उसका स्वभाव बनने लग गया.
कहता पूरब, करता पच्छिम.
निकलता नानामऊ, पहुँचता फाफामऊ.
घंटों एक चीज़ के लिए मिन्नतें करता.
अगले ही पल दूसरी चीज़ के लिए दौड़ पड़ता.
प्रेम किया किसी से, ब्याह किया किसी से.
ट्रेनिंग किसी काम की, नौकरी किसी काम की.
उसका ये स्वभाव ख़ुद उसे भी समझ ना आता.
झुँझलाता, मगर कुछ कर ना पाता.
यही सब करते-करते बुढ़ापा आया.
मगर उसके स्वभाव में बदलाव कोई न आया.
जब लोग उसका मज़ाक़ उड़ाते.
तो सुकरात के लहजे में कहता - कम-स-कम मुझे पता है कि मुझे पता नहीं मुझे क्या चाहिए.
तुम सब तो मुझसे भी गए गुज़रे हो,
तुमको तो पता ही नहीं कि तुमको भी पता नहीं, तुम्हें क्या चाहिए.
बहरहाल एक दिन अचानक पल्टू को दिल का दौरा पड़ा.
अस्पताल जाते हुए इस बार वो नहीं, उसकी एम्बुलेंस पलटी.
और दिल का मरीज़ पल्टूराम
दिल के दौरे नहीं, चोट की वजह से मारा गया.
जाते-जाते भी पल्टूराम अपना धर्म निभाता गया.
सुना है, इसी बात से ख़ुश होकर
ईश्वर ने भी अपना फ़ैसला पलटा.
नरक में धकेलने के ठीक पहले.
उसको स्वर्ग भेजा गया.
#क़िस्सोंकीकतरन (९)
#पवनपाण्डेय
No comments:
Post a Comment