Thursday, May 29, 2014

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
किस्सा ही सारा ख़त्म हो जाए

और ख़बरदार जो नीचे उतारा
आखिर दुनियाँ कुछ तो सीखे
चुपचाप तमाशा देखने का अंजाम क्या होता है

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
क्योंकि पता नहीं
तुम्हें क्यों नहीं आती
हमें अब शर्म आती है
ये कहते कि वो सूबा मेरा है
मेरा भी उससे खून का नाता है

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
क्योंकि हमारी अस्मत
तुमने लटका तो दी है
सरे बाज़ार
सारे मुल्क के सामने

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर
ताकि हमें शर्म न आए
अपनी बहनों के सामने

तुम हमें भी लटका दो पेड़ पर....


No comments: