अब चीख़ें नहीं सुनी जातीं
सुनी जाती है उनकी जात
तड़पते इंसान से
पूछते हैं उसका दीन
अब ख़ून के भी
हो गए हैं रंग
आँसुओं के हैं फ़िरक़े
किसी आँचल पर पड़ी नज़र
बुरी है या भली
हमारी सियासती नज़र तय करती है
भूख कम्युनल हो गयी है
और आँसुओं के भी बन गए हैं दल
किलकारी बच्चे की
तब तक नहीं भाती
जब तक उसकी नस्ल
हमको नहीं बतायी जाती
अब इश्क़ भी नाम पूछ के पक्का होता है
खाने की थाली पर भी
हो गयी है बंदरबाँट
कौन कहता है जानवर के ज़ुबान नहीं होती
वरना हमको उसकी आवाज़ों में
अपने नारों की आवाज़ कैसे सुनायी देती
जनाब अब सियासत पूरे शबाब पर है
कब्ज़ा उसका हर हसीन ख़्वाब पर है
#पवनपाण्डेय
No comments:
Post a Comment