बात शुरू हुयी हाल में रिलीज़ हुई हिंदी फ़िल्म ‘हैदर’ से. इस फ़िल्म ने लोगों को दो ख़ेमों में बाँट दिया. फ़िलमचियों ने इसके बार-बार कश ले-लेके वाह-वाह की ध्वनि की. वहीं दूसरे ख़ेमे वालों ने भी इसको एक बेहतरीन, लेकिन एक बेहतरीन पृथकतावादी फ़िल्म बताया. बिना लाग-लपेट के इस मामले में मैं ख़ुद को भी इस दूसरे ख़ेमे वाला घोषित करता हूँ. लेकिन मेरी बहस सिर्फ़ ‘हैदर’ तक सिमटती नहीं है, उससे प्रेरित है.
जो सवाल मुझे झिंझोड़ता है वो यह है कि किसी भी रचना का समाज से रिश्ता क्या है? कोई रचना, उसके रचनाकार की मानसिक संतान मात्र है या वह मूलतः एक सामाजिक कर्म है? मैंने जो रचा, वह सिर्फ़ मेरा है या समाज ने मुझे बस एक माध्यम बनाकर स्वयं को व्यक्त किया? अगर कोई रचना बस मुझसे निकली है तो मैं जो चाहे कहूँ और भाड़ में जाए मेरा समाज! पर अगर स्वयं मैं ही अपने समाज की पैदाइश हूँ तो मेरे द्वारा रची कोई चीज़ सिर्फ़ मेरी कैसे हो सकती है?
अब आप सोच रहे होंगे कि इस बात का ‘हैदर’ से क्या ताल्लुक़ है? इसका ताल्लुक़ इस फ़िल्म के पक्ष में दिए गए तर्कों के कारण है. कहा गया कि यह शेक्सपिअर की रचना ‘हैमलेट’ का भारतीय रूपांतरण है, यह एक मानवीय त्रासदी की ‘निष्पक्ष’ कथा है, बेहतरीन सिनेमा का लोकप्रिय या लोकसम्मत होना ज़रूरी नहीं वगैरा-वगैरा.
मेरा सवाल यह है कि क्या ‘हैदर’ में पृथकतावाद को नायक और भारत को खलनायक बनाकर पेश किए गए बेशक़ीमती हीरे को हम सब बस इसलिए निगल लें - क्योंकि इसके फ़िल्मकार को ‘हैमलेट’ के लिए एक इंटेंस भारतीय पृष्ठभूमि चाहिए थी… क्योंकि बकौल विशाल भारद्वाज नक्सलवाद पर कुछ फ़िल्में हाल में आ चुकी थीं… क्योंकि उसकी तुलना में कश्मीर की खूबसूरत वादियाँ और इसका रक्तरंजित और अपरचित संसार उसी प्लॉट को एक गज़ब की नाटकीयता दे देते?
भारत में एक ख़ास सोच वाले बौद्धिक वर्ग का एकाधिकार है जो ‘प्रोग्रेसिव’ और ‘सेक्युलर’ ब्रांड के हर मानसिक वमन को शिरोधार्य कर लेता है. आप एक महान रचनाकार या सामाजिक कार्यकर्ता बनना चाहते हैं तो भारत में यह बड़ा आसान है. आप भारत की प्राचीन परंपरा में समय के साथ आई कुछ ख़ामियाँ छाँट लीजिए और उनके आधार पर पूरी की पूरी भारतीय सांस्कृतिक विरासत के मुँह पर कालिख़ मलने के लिए अपनी रचनाओं का इस्तेमाल करिए. होगा क्या कि आपको अंग्रेजी मीडिया और बाज़ार हाथों-हाथ ले लेगा. (क्योंकि भारत में हर ‘पॉलिटिकली करेक्ट’ दृष्टिकोण एक ख़ास पूर्वाग्रह का दूसरा नाम है.) और सबसे बड़ा फ़ायदा यह होगा कि कोई आपके ऊपर इस डर से उँगली नहीं उठाएगा कि कहीं उसे रिग्रेसिव(पोंगापंथी) या कम्युनल या संघी न समझ लिया जाए! और कोई उँगली उठा भी दे तो ऐसे आरोप लगाकर आप उसकी बहस को ही एक सिरे से नकार सकते हैं.
एक उदाहरण देता हूँ. एक चर्चित डॉक्युमेंटरी फ़िल्ममेकर आनंद पटवर्धन ने ‘वॉर एंड पीस’ नाम से जो डॉक्युमेंटरी फ़िल्म बनाई उसमें भारत और पाकिस्तान के परमाणु शस्त्रीकरण को एक ही तराजू से तोल दिया और भारत को एक आक्रामक शक्ति या ‘जिंगोइस्ट’ के रूप में पेश किया गया. उनको बख़ूबी पता रहा होगा पर उन्होंने जानबूझकर कई बातें दबा लीं. जैसे कि भारत ने आजतक के हज़ारों बरसों के इतिहास में कभी किसी दूसरे देश पर हमला नहीं किया है. भारत ने परमाणु बम चीन और दूसरी महाशक्तियों की धमकी से बचने के लिए बनाया. पाकिस्तान के कई बार किए गए एकतरफ़ा हमलों का मुँहतोड़ जवाब तो वह पारंपरिक युद्ध में ही दे चुका था. वैसे ही, भारत दुनिया का अकेला देश है जिसने सारी दुनिया से परमाणु बम ख़त्म करने का अभियान चलाया, जिसने ख़ुद से एक नीति बनाई है कि वह कभी भी परमाणु बम का इस्तेमाल, परमाणु हमले का जवाब देने के लिए ही करेगा और कभी भी किसी ऐसे देश पर परमाणु हमला नहीं करेगा जिसके पास परमाणु बम न हो. राष्ट्रीय फिल्म संग्रहालय में यह फ़िल्म देखने के बाद मैंने सार्वजनिक रूप से उनसे सवाल किया कि क्या वे भारत को दुनिया के सबसे शांतिप्रिय देश - तिब्बत - जैसी असहाय स्थिति में देखने देना चाहेंगे, तो वह इस सवाल को टाल गए.
कुछ इसी तरह विशाल भारद्वाज ने बड़ी चालाकी से कश्मीर की कहानी 1995 से शुरू की. ताकि वहाँ सीमापार से फ़ैलायी गई धार्मिक नफ़रत और कश्मीरी पंडितों के पलायन वाले पहलू को ढँका जा सके. और फ़िर ‘मानवीय त्रासदी’ पर एक महान फ़िल्म बनाने के लिए आतंकवादियों और पृथकतावादियों को मानव की श्रेणी में रखा और भारतीय सैनिकों और हर भारत समर्थक को मानव-विरोधी श्रेणी में. अगर ऐसा नहीं था तो क्या कोई मानवीय त्रासदी कभी एकतरफ़ा होती है? क्या सैनिक मानव नहीं होता? आतंकवादियों ने सैनिकों के साथ जो बर्बरता की वो मानवीय त्रासदी नहीं थी? कश्मीर के पृथकतावाद का कारण मात्र पिछड़ापन है? तो यह बिहार और उड़ीसा में क्यों नहीं उपजता? भारत के कितने नागरिक सौ फ़ीसदी सुख-चैन से जी रहे हैं? क्या सब असंतुष्ट नागरिकों को बन्दूक थाम लेनी चाहिए? अगर हर अपराधी किसी न किसी सामाजिक कारण से अपराध करता है. तो क्या उसको रोकने वाली पुलिस अमानवीय हो गई?
वैसे इन सवालों से किसी को क्या फ़र्क़ पड़ता है? आजकल भारत में फ़िल्मी बाज़ार में नंगई और फूहड़पन के आइटम परोसे जाते हैं. और फिर वही लोग अंग्रेज़ी में मंच पर औरतों के सम्मान और आज़ादी के उपदेश देते हैं. कॉमर्शियल सिनेमा जनता के शरीर को उकसाकर कमाता है तो ऐसा कला सिनेमा देश के विरोध में खड़ी ताक़तों को ख़ुश करके वाहवाही लूटता है.
इस बहस से क्या यह निष्कर्ष निकाला जाए कि कोई भी रचना नितांत वैयक्तिक कर्म होती है? कोई कलाकार, विशेषकर फ़िल्मकार विशाल भारद्वाज की तरह कह सकता है कि ‘मुझे दर्शक की फ़िक्र नहीं है’, क्योंकि मुझे ‘बुद्धिजीवियों और आलोचकों’ की प्रशंसा मिली है? या रचना एक सामाजिक कर्म है? और अगर यह एक सामाजिक कर्म है तो क्या यह ख़ुद पर उठने वाले सवालों से पल्ला झाड़ सकती है? क्या सिनेमा सिर्फ़ अपने क्राफ़्ट के बल पर अपने कथ्य को सही साबित कर सकता है? ऐसे ही कई प्रश्न अपने-अपने उत्तरों की प्रतीक्षा में हैं.
No comments:
Post a Comment