Thursday, September 20, 2012

सचमुच प्यारा है बर्फी!



पिछले कुछ समय से कोई ऐसी हिंदी फ़िल्म नहीं आयी थी जिसे देखते हुए हम अपने बचपन को जीते हुए, हँसते और मुस्कुराते रहें; जो हमें हमारी सारी समझदारी, दुनियादारी और बनावटीपन से मुक्त कर दे।चार्ली चैप्लिन से प्रेरित 'बर्फ़ी' एक ऐसी ही फ़िल्म है। द्विअर्थी संवादों या बासी चुटकुलों से पकाई गयी यह कोई खिचड़ी कॉमेडी फिल्म नहीं है। सत्तर के दशक के अनछुए दार्जिलिंग की प्रष्ठभूमि में एक मस्त मौला मूक बधिर और दो युवतियों के इस प्रेम त्रिकोण को अनुराग बसु ने एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया है। अत्यंत कल्पनाशील तरीके से लिखी गयी पटकथा भले ही हमें चैप्लिन की फिल्मों की बार-बार याद दिलाती है, पर यह उनका दोहराव नहीं लगती। रणबीर कपूर के बाल-सुलभ व्यक्तित्व और भावप्रवण अभिनय के कारण हम बर्फ़ी के संग मन ही मन खुद भी शैतानियां करते हैं।हास्य और त्रासदी फिल्म में लगातार एक  दूसरे को पुष्ट करते हैं। वह चाहे बर्फ़ी की बैंक लूटने की कोशिश हो या 'झिलमिल' की सू -सू ! ट्रेन से टकरा कर अलग हुआ साइकिल का पहिया भी जब गिरता है तो मात्र एक बिम्ब नहीं रहता, कथ्य बन जाता है।फ़िल्म में रणबीर ही नहीं, बाकी सभी कलाकारों का अभिनय भी विश्वसनीय और आपसी तालमेल में है। विशेष रूप से प्रियंका को देख कर लगा कि 'सात खून' करके उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। फिल्म के पात्रों का चुनाव समझदारी से हुआ है। कैमरा भी बर्फ़ी की शरारतों में बराबर भागीदारी करता है। दार्जिलिंग, उसके गली-कूचे, उसके लोग और उसका हर दौर - सब कुछ बिलकुल करीब से महसूस कर सके। प्रकाश संयोजन भी हावी नहीं हुआ है और प्राकृतिक प्रकाश का भरपूर उपयोग हुआ है। कला निर्देशन और वस्त्र विन्यास फिल्म की पटकथा के साथ न्याय कर सके है। गीत-संगीत अच्छे हैं पर एक-दो हमेशा याद रह जाने लायक धुनों की दरकार थी। हाँ, 'हो गयी पिक्चर शुरू' तो किसी भी फ़िल्म के शुरू होने पर राष्ट्र गान के बाद बजाया जा सकता है! फिल्म के संवाद भारी न हो कर भी गहरे हैं। यह सच है कि 'ज़िन्दगी में सबसे बड़ा रिस्क है, कोई रिस्क न लेना'! पर  फ़िल्म में अंत की ओर बढ़ते समय जो रहस्य गहराता है, वह थोड़ा सा उलझाता भर है, उसके पटाक्षेप से जो प्रभाव पैदा होना चाहिए था, वह नहीं होता। एक बात और खटकी, वह था पात्रों का उनकी वृद्धावस्था में ख़राब  मेकअप और उनकी बॉडी लेंग्वेज। कुल मिलाकर यह चालाकी पर मासूमियत की जीत की एक ऐसी उम्दा, मस्त मौला और शरारती कहानी है, जो एक महान फ़िल्म बनते-बनते रह जाती है।         

1 comment:

Shailendra Singh Rana said...

पवन, कल ही मैं भी देख के आया.. ज्यादातर अखबारों ने 4, 4.5 रेटिंग दी थी तो जिज्ञासा बढ़ गयी.... वीकेंड पर एडवांस बुकिंग में भी टिकट नहीं मिले.... कल सुबह ही ऑफिस से ऑनलाइन बुकिंग करा ली... अच्छा किया वरना शाम 7 बजे वाला शो 5 बजे तक हॉउसफुल हो गया था..
बहुत ही उम्दा एक्टिंग और साधा हुआ निर्देशन.. रणवीर कपूर में राज कपूर की झलक भी दिखी..... बाकी 4.5 रेटिंग के हिसाब से मैंने शायद ज्यादा ही अपेक्षायें कर लीं थीं.... हाँ, इससे पहले दार्जीलिंग किसी और फिल्म में इतने सहज रूप में कभी नहीं दिखा..